मातमी जुलूस के साथ संपन्न हुईं अय्यामे अज़ा-ए-फ़ात्मी की मजालिस
मातमी जुलूस के साथ संपन्न हुईं अय्यामे अज़ा-ए-फ़ात्मी की मजालिस
सहारा सन्देश टाइम्स
हल्दौर। क्षेत्र के ग्राम छजुपुरा सादात स्थित इमाम बारगाह में जनाबे फ़ातेमा ज़हरा की शहादत के सिलसिले में आयोजित पांच दिवसीय मजालिस-ए-अज़ा अय्यामे फ़ात्मी का समापन मातमी जुलूस के साथ हुआ। इस दौरान अंजुमन इरफ़ाने अज़ा रजिस्टर्ड की ओर से दरगाह-ए-फ़ातेमा ज़हरा में शबीहे जन्नतुल बक़ी का दिलसोज़ मंजर पेश किया गया।
मजालिस के दौरान मौहम्मद रज़ा, नायाब हैदर, मौहम्मद अब्बास, मौहम्मद आलम और सालिम ज़ैदी ने मर्सियाख्वानी की। पेशख्वानी रईस ज़ैदी, मुन्तज़िर मैहदी और मिनहाल मैहदी ने की। मजालिस को मौलाना सय्यद मैहदी अब्बास ज़ैदी और मौलाना सय्यद रौशन अब्बास ज़ैदी ने खिताब किया। कार्यक्रम का संचालन मौलाना मेहदी अब्बास ज़ैदी और शाही वास्ती ने किया।
मौलाना सय्यद मैहदी अब्बास ज़ैदी ने जनाबे फ़ातेमा ज़हरा की अज़मत बयान करते हुए कहा कि वह रसूल अल्लाह की प्यारी बेटी और अज़मतों की मलिका थीं। खुद रसूल अल्लाह उनका एहतराम किया करते थे। उन्होंने कहा कि रसूल अल्लाह के बाद बीबी फ़ातेमा ज़हरा पर जुल्मो-जौर की इंतहा की गई और उन्हें शहीद कर दिया गया।
मौलाना रौशन अब्बास ज़ैदी ने अपने संबोधन में कहा कि रसूल अल्लाह की शहादत के बाद बीबी ज़हरा पर ऐसे जुल्म ढाए गए कि उन्हें कहना पड़ा कि यदि ये जुल्म दिनों पर गुजरते तो दिन रात के अंधेरे में बदल जाते और पहाड़ों पर गुजरते तो वे चूर-चूर हो जाते।
मजलिस के बाद जुलूस-ए-अलम बरामद हुआ, जो मातम और नौहाख्वानी के बीच शबीहे जन्नतुल बक़ी, दरगाह-ए-बीबी ज़हरा पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में नौहाख्वानी मौहम्मद रज़ा और सालिम ज़ैदी ने की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मीर आलम, सालिम ज़ैदी, जाफर ज़ैदी, कमाल ज़ैदी, राहिब अब्बास, समर ज़ैदी, ग़ुलाम पंजेतन, अली हैदर और मीसम ज़ैदी सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।



Post Comment