Loading Now

मेजा क्षेत्र में शराब के नशे में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, करीब एक घंटे तक मचा हड़कंप

मेजा क्षेत्र में शराब के नशे में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, करीब एक घंटे तक मचा हड़कंप

ग्रामीणों की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना, ग्रामीणों ने समझाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा

सहारा सन्देश टाइम्स

मेजा/रामनगर। क्षेत्र के ऊंचडीह बाजार के समीप सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक कथित तौर पर शराब के नशे में हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर चढ़ा देख आसपास मौजूद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार लाल बाबू भारतीया पुत्र राजनरायन भारतीया, निवासी सिमेरी का पूरा, ऊंचडीह बाजार दोपहर करीब 3 बजे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। लोग युवक को नीचे उतरने के लिए लगातार समझाते रहे, लेकिन वह काफी देर तक टावर पर ही मौजूद रहा।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामनगर चौकी के एसआई पुलिसकर्मियों के साथ मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी युवक को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद ग्रामीणों और पुलिस की समझाइश पर युवक हाईटेंशन टावर से धीरे-धीरे नीचे उतर आया। युवक के नीचे आने के बाद ग्रामीणों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था, जिसके चलते उसने इस तरह का कदम उठाया। हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ना बेहद खतरनाक था और थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी। ग्रामीणों ने समय रहते पुलिस को सूचना देकर सूझबूझ का परिचय दिया, जिससे संभावित हादसा टल गया।
करीब 3 बजे से 4 बजे तक युवक टावर पर मौजूद रहा। इस दौरान नीचे खड़ी भीड़ की नजर लगातार युवक पर बनी रही। पुलिसकर्मी भी मौके पर डटे रहे और किसी अनहोनी से बचने के लिए युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। आखिरकार करीब 4 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
घटना के बाद काफी देर तक मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने युवक को समझाया और भविष्य में इस तरह की खतरनाक हरकत न करने की हिदायत दी। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि युवक अचानक नीचे गिर जाता या हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
फिलहाल पुलिस की मौजूदगी और ग्रामीणों की समझाइश से युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद मामला शांत हो गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Previous post

मेजा क्षेत्र में छाए जननेता: बिजौरा ग्राम निषाद बस्ती में भावी प्रधान सुनील निषाद बने गरीबों की उम्मीद की किरण

Next post

जिलाधिकारी ने बाढ़ के दृष्टिगत बक्शी बांध एसटीपी एवं नागवासुकी रोड पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा

Post Comment

मनोरंजन