संकल्प सभा, मशाल लेकर शहीद पार्क तक पहुंचे सीएम
संकल्प सभा, मशाल लेकर शहीद पार्क तक पहुंचे सीएम
विकसित भारत की शपथ दिलाई; बोले- 2047 तक भारत को नंबर-1 बनाना है
सहारा सन्देश टाइम्स
उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर बुधवार को उज्जैन में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। दशहरा मैदान के पास स्थित एक निजी गार्डन में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। पीएम मोदी के लाइव संबोधन का एलसीडी स्क्रीन पर प्रसारण किया गया। भाषण खत्म होने के बाद सीएम ने मौजूद लोगों को विकसित भारत का संकल्प दिलाया और हाथ में मशाल लेकर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया।
मुख्यमंत्री खुद मशाल लेकर यात्रा में आगे चले। गार्डन से शुरू हुई यात्रा कंट्रोल रूम होते हुए शहीद पार्क तक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। यात्रा के दौरान सीएम सुरक्षा और पुलिसकर्मी रास्ता साफ कराते नजर आए। कार्यकर्ताओं में सीएम के साथ चलने और उनसे मिलने को लेकर उत्साह भी दिखाई दिया।
CM बोले- 2047 तक भारत को नंबर-1 बनाना है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अमृतकाल की ओर बढ़ रहा है। 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा करना है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और महर्षि अरविंद की उस भविष्यवाणी का भी उल्लेख किया, जिसमें भारत के 21वीं सदी में आगे बढ़ने की बात कही गई थी।
सीएम ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश में
सुशासन आया है और बड़े संकल्प पूरे हुए हैं। उन्होंने राम मंदिर और ‘एक देश, एक विधान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने कई महत्वपूर्ण संकल्प पूरे किए हैं।
उन्होंने उज्जैन में स्मार्ट सिटी और महाकाल लोक का भी जिक्र किया। कहा कि बाबा महाकाल के महालोक के निर्माण के बाद धार्मिक पर्यटन का नया दौर शुरू हुआ है।
पीएम को बधाई, बाबा महाकाल से मांगी दीर्घायु
कार्यक्रम के बाद चर्चा में सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री दीर्घायु और शतायु हों और अमृतकाल 2047 में भारत को दुनिया का नंबर-1 देश बनाने का लक्ष्य सफल हो।
पीएम के भाषण में सांसद ने दिखाया पोस्टर
कार्यक्रम में पीएम मोदी का लाइव संबोधन चल रहा था। इसी दौरान सांसद अनिल फिरोजिया ने अपने मोबाइल पर ‘I LOVE YOU MODI JI’ लिखा पोस्टर दिखाया। पीएम का भाषण सुन रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच यह दृश्य भी कैमरे में कैद हुआ।
भाषण खत्म होते ही मंच पर बढ़ी भीड़
पीएम मोदी का संबोधन खत्म होते ही मंच पर नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी। मंच पर पहले लगाई गई कुर्सियां हटाई गई थीं, लेकिन बाद में कार्यकर्ता कुर्सियां उठाकर मंच तक ले जाते दिखाई दिए।
मशाल यात्रा शुरू होने के दौरान पुलिस और सीएम सुरक्षा के जवान लगातार रास्ता खाली कराते रहे।
पीएम बोले- ‘वी विल डू इट… हम करके दिखाएंगे’
पीएम मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर करीब एक घंटे के संबोधन में ‘वी विल डू इट…
हम करके दिखाएंगे’ का कई बार जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब तक भारत विकसित नहीं होता, वे न थकेंगे और न रुकेंगे। पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर भी संकल्प दोहराया।
उन्होंने कहा कि वे महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, मिशन के लिए जीते हैं। 25 साल पीछे मुड़कर देखने पर उपलब्धियों से ज्यादा कृतज्ञता का भाव आता है। हर घटना ने कुछ सिखाया और विनम्र बनाया। उन्होंने कहा कि ईश्वर से उनकी यही प्रार्थना है कि सीखने की इच्छा कभी कम न हो।



Post Comment