Loading Now

असली सोने के मोती दिखाकर किसान से 20 लाख ठगे

असली सोने के मोती दिखाकर किसान से 20 लाख ठगे

आरोपी बोला-खुदाई में मिला, बाजार में नहीं बेच सकता हूं; सस्ते में दे दूंगा

सहारा सन्देश टाइम्स

उज्जैन। उज्जैन में खुदाई के दौरान एक किलो सोना मिलने का झांसा देकर एक किसान से 20 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले किसान को असली सोने के दो मोती दिखाकर भरोसे में लिया।
इसके बाद उसे उज्जैन बुलाया और सोने जैसे दिखने
वाले आभूषणों की थैली देकर 20 लाख रुपए ले लिए।
कुछ देर बातचीत में उलझाने के बाद आरोपी आभूषणों की थैली भी वापस लेकर इंदौर रोड की तरफ भाग गए। किसान की शिकायत पर नीलगंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जावरा मंडी में हुई थी आरोपियों से मुलाकात

फरियादी किसान रमेश ने अपनी बेटी पूजा धनगर के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह खेती-किसानी करता है। 1 अक्टूबर 2026 को वह जावरा मंडी में मेथी बेचने गया था। वहां उसकी मुलाकात दो पुरुषों और एक महिला से हुई। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उससे देशी घी के बारे में पूछा।
इसके बाद उन्होंने बताया कि वे उज्जैन में जेसीबी से खुदाई का काम करते हैं। खुदाई के दौरान उन्हें एक किलो सोना मिला है। आरोपियों ने कहा कि वे सोना दुकान पर नहीं बेच सकते और 40 लाख रुपए मिलने पर इसे दे देंगे।
जांच में असली निकले सोने के दो मोती
आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए किसान को नमूने के तौर पर सोने के दो मोती दिए। किसान ने गांव में सुनार से उनकी जांच कराई तो मोती असली निकले। इसके बाद किसान को आरोपियों की बात पर भरोसा हो गया।
15 अक्टूबर को किसान अपनी पत्नी देवबाई और बेटी पूजा के साथ 20 लाख रुपए लेकर उज्जैन पहुंचा। आरोपियों ने फोन पर संपर्क करने के बाद उन्हें शांति पैलेस चौराहे पर वृंदावन होटल के पास बुलाया।

20 लाख रुपए लेकर आभूषणों की थैली भी वापस ली

मौके पर मिले पुरुषों और महिला ने किसान को एक थैली में सोने जैसे दिखने वाले आभूषण दिए और 20 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने बातचीत में उलझाकर आभूषणों की थैली भी वापस ले ली। फिर वे इंदौर रोड की तरफ भाग गए।
फरियादी के मुताबिक, आरोपियों ने अपने नाम मानसिंह, सागर राठौर और सोनिया राठौर बताए थे। उन्होंने खुद को भोपाल से आगे का निवासी बताया था। किसान ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकता है।

मेहनत की कमाई गंवाई, बदनामी के डर से देर से पहुंचा थाने

किसान रमेश ने बताया कि उसने कई साल की कड़ी मेहनत से फसल बेचकर यह रकम जुटाई थी। उसने अपनी कमाई को बड़ी मुश्किल से जोड़कर रखा था, लेकिन सोना मिलने के लालच में आरोपियों को 20 लाख रुपए दे दिए। उसे अंदाजा नहीं था कि उसकी मेहनत की पूरी कमाई ठगी का शिकार हो जाएगी। शर्म और इज्जत के डर से वह देर से थाने पहुंचा।

नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरिल ने बताया कि किसान
की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने प्रकरण में जांच शुरू कर दी है।

Post Comment

मनोरंजन