लपरी नदी में मिला लापता युवक का शव, हत्या का मुकदमा दर्ज
लपरी नदी में मिला लापता युवक का शव, हत्या का मुकदमा दर्ज
परिजनों ने शराब पीने के दौरान विवाद में हत्या कर शव नदी में फेंकने का लगाया आरोप, एक नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सहारा संदेश टाइम्स
कोरांव ,प्रयागराज। थाना कोरांव क्षेत्र के पिपरांव गांव के पास शनिवार को लपरी नदी में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चंद्रशेखर सिंह (उर्फ कलेक्टर) पुत्र स्वर्गीय पन्नालाल सिंह निवासी बिंदेश्वरीपुर हाटा, थाना मांडा के रूप में हुई है। युवक बीते चार नवंबर को पिपरांव गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने आया था, जिसके बाद से वह लापता था। शनिवार को नदी में शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, चंद्रशेखर सिंह चार नवंबर को भंडारे में शामिल होने के लिए पिपरांव आए थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने आशंका जताई कि बगीचे में कुछ लोगों के साथ शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उनकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी कविता सिह की तहरीर पर श्रीकांत पुत्र स्वर्गीय धनबहादुर सिंह निवासी जफरा, थाना मेजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है। शव मिलने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, एसीपी मेजा बृजेश पाठक सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट यमुनानगर की टीम को भी सूचना दी गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



Post Comment