अय्यामे फ़ात्मी की मजालिस में गूंजे बीबी फ़ातेमा ज़हरा की शहादत के मसायब
अय्यामे फ़ात्मी की मजालिस में गूंजे बीबी फ़ातेमा ज़हरा की शहादत के मसायब
सहारा सन्देश टाइम्स
हल्दौर। क्षेत्र के ग्राम छजुपुरा सादात स्थित इमाम बारगाह में जनाबे फ़ातेमा ज़हरा की शहादत के सिलसिले में आयोजित पांच दिवसीय मजालिस-ए-अज़ा अय्यामे फ़ात्मी का समापन मातमी जुलूस के साथ हुआ। इस दौरान अंजुमन इरफ़ाने अज़ा रजिस्टर्ड की ओर से दरगाह-ए-फ़ातेमा ज़हरा में शबीहे जन्नतुल बक़ी का दर्दनाक मंजर पेश किया गया।
मजालिस में मौहम्मद रज़ा, नायाब हैदर, मौहम्मद अब्बास, मौहम्मद आलम और सालिम ज़ैदी ने मर्सियाख्वानी की, जबकि रईस ज़ैदी, मुन्तज़िर मैहदी और मिनहाल मैहदी ने पेशख्वानी की। मजालिस को मौलाना सय्यद मेहदी अब्बास ज़ैदी और मौलाना सय्यद रौशन अब्बास ज़ैदी ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मौलाना मेहदी अब्बास ज़ैदी और शाही वास्ती ने किया।
मौलाना सय्यद मैहदी अब्बास ज़ैदी ने जनाबे फ़ातेमा ज़हरा की अज़मत बयान करते हुए कहा कि वह रसूल अल्लाह की प्यारी बेटी और अज़मतों की मलिका थीं। खुद रसूल अल्लाह उनका विशेष एहतराम किया करते थे। उन्होंने कहा कि रसूल अल्लाह के बाद बीबी फ़ातेमा ज़हरा पर जुल्मो-जौर की इंतहा की गई और उन्हें शहीद कर दिया गया।
मौलाना रौशन अब्बास ज़ैदी ने कहा कि रसूल अल्लाह की शहादत के बाद बीबी ज़हरा पर ऐसे जुल्म ढाए गए, जिनका दर्द उनके बयान से जाहिर होता है। उन्होंने बीबी के उस कथन का जिक्र किया कि यदि ये जुल्म दिनों पर गुजरते तो दिन रात के अंधेरे में बदल जाते और पहाड़ों पर गुजरते तो वे चूर-चूर हो जाते।
मजलिस के बाद जुलूस-ए-अलम बरामद हुआ, जो नौहाख्वानी और मातम के बीच शबीहे जन्नतुल बक़ी, दरगाह-ए-बीबी ज़हरा पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में मौहम्मद रज़ा और सालिम ज़ैदी ने नौहाख्वानी की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मीर आलम, सालिम ज़ैदी, जाफर ज़ैदी, कमाल ज़ैदी, राहिब अब्बास, समर ज़ैदी, ग़ुलाम पंजेतन, अली हैदर और मीसम ज़ैदी सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।



Post Comment