प्रयागराज कचहरी में वकीलों के चैंबर हटाए, दुकानें तोड़ीं
प्रयागराज कचहरी में वकीलों के चैंबर हटाए, दुकानें तोड़ीं
सहारा सन्देश टाइम्स
प्रयागराज। नगर निगम द्वारा बुधवार को सुबह कचहरी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। यह अभियान नगर निगम की प्रवर्तन टीम द्वारा चलाया गया जिसमें अवैध रूप से बनाए गए दुकानों और अधिवक्ताओं के चैंबर्स को हटाया गया। नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण ढहाया और सामान जब्त किया। वकीलों के चैंबर हटाए जाने से गुस्सा है। हालांकि प्रशासन ने बार एसोसिएशन और अधिवक्ता संघ से बातचीत की बात कही है। बताया जा रहा है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के पास फ्लाईओवर के नीचे पहले से ही अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा चुका था। उस दौरान भी नगर निगम ने अवैध रूप से लगे टीनशेड, कुर्सियां और मेज जब्त किए थे। इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कब्जा कर दुकानों और वकीलों द्वारा चैंबर बनाए जा रहे थे जिससे आम राहगीरों को भी परेशानी होती थी और यातायात बाधित होता था।इस कार्रवाई से पहले वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताई थी और समय मांगा था लेकिन प्रशासन ने अतिक्रमण को हटाने की पूर्व सूचना पहले ही जारी कर दी थी। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैले। नगर निगम की इस सख्ती से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या सार्वजनिक स्थानों पर कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता और राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है।



Post Comment