Loading Now

सेकेंड भरारी में गंगा जल परियोजना का कार्य तेज, गांव तक पहुंचेगा स्वच्छ पेयजल

सेकेंड भरारी में गंगा जल परियोजना का कार्य तेज, गांव तक पहुंचेगा स्वच्छ पेयजल

 

सहारा सन्देश टाइम्स

मांडा, प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के सेकेंड भरारी गांव में केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी गंगा जल परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। गांव में बड़े पैमाने पर मशीनों की सहायता से खुदाई का काम किया जा रहा है, ताकि हर घर तक स्वच्छ और शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की समस्या बनी हुई थी। गर्मियों के मौसम में लोगों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ता था। ऐसे में इस परियोजना के शुरू होने से लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि योजना पूरी होने के बाद उन्हें शुद्ध पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
हालांकि, पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदे जाने के कारण लोगों को थोड़ी परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि काम पूरा होने के बाद सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ग्रामीणों का कहना है कि यह योजना क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। लोगों को उम्मीद है कि गंगा जल परियोजना के माध्यम से गांवों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था और बेहतर होगी तथा आने वाले समय में हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

Post Comment

मनोरंजन