Loading Now

रसोइयों के लिए घोषित विभिन्न सौगातों का शुभारंभ किया जिसका सजीव प्रसारण रविवार को मेजा तहसील सभागार में देखा गया

मेजा। पी एम पोषण योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में रसोइयों के लिए घोषित विभिन्न सौगातों का शुभारंभ किया जिसका सजीव प्रसारण रविवार को मेजा तहसील सभागार में देखा गया। कार्यक्रम में मेजा, उरुवा और मांडा विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत बड़ी संख्या में रसोइयों ने सहभागिता कर मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा और सुना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मेजा ने उपस्थित रसोइयों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने रसोइयों के परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई है। साथ ही रसोइयों का मानदेय 2000 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार रसोइयों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के लिए साड़ी की धनराशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये किए जाने की घोषणा होते ही सभागार में मौजूद रसोइयों ने जोरदार तालियां बजाकर खुशी का इजहार किया।
विशिष्ट अतिथि शिवसेना की प्रांतीय सचिव रुचि तिवारी ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा रसोइयों को तहसील मुख्यालय पर बुलाकर सम्मानित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को भोजन कराने वाली रसोइयां केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि बच्चों के लिए मां के समान हैं। उनकी सेवा और समर्पण का कोई मूल्य नहीं लगाया जा सकता।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य विक्रमा सिंह, तहसीलदार मेजा यमुना प्रसाद वर्मा, नायब तहसीलदार नंद लाल वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी रसोइयों और अतिथियों का खंड शिक्षा अधिकारी मेजा कैलाश सिंह ने स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान मेजा जंगी लाल गुप्ता ने की, जबकि संचालन शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनीष तिवारी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड का प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान करने के साथ माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। रसोइयों ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार का आभार जताया।
इस दौरान रसोइया मुस्कान, संतोषा, फूलकली सहित कई रसोइयों ने अपने विचार व्यक्त किए और मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम में कमलेश कुमार, अनुराग सिंह, प्रवीण दुबे, अमित शुक्ल, गिरीश तिवारी, पंकज दुबे, रवि सिंह, रोहित तिवारी, संदीप कुमार, शिवभान, रेणुका उपाध्याय, सलमा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Post Comment

मनोरंजन