मांडा-कोरांव मार्ग पर एंबुलेंस की टक्कर से दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
मांडा-कोरांव मार्ग पर एंबुलेंस की टक्कर से दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
ग्रामीणों के मुताबिक, टक्कर मारकर मौके से फरार हुई एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को शहर किया गया रेफर
सहारा सन्देश टाइम्स
मांडा, प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के गिरधरपुर स्थित मांडा-कोरांव मार्ग पर एंबुलेंस और बाइक के बीच टक्कर होने से दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से मांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार कमलाशंकर यादव (45 वर्ष), निवासी जिगना तथा दूसरी बाइक पर सवार राम उजागिर पटेल (करीब 28 वर्ष), निवासी भरतपुर भऊसड़ा को गंभीर चोटें आई हैं।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, दोनों बाइकें आ रही थीं, तभी एक एंबुलेंस ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से चली गई। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और एंबुलेंस की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए मांडा सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार एवं मलहम-पट्टी करने के बाद दोनों की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तत्काल प्रयागराज शहर रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर टक्कर मारने वाली एंबुलेंस की पहचान करने तथा घायलों को उचित उपचार और न्याय दिलाने की मांग की है।



Post Comment