सफलता तेरे कदम चूमेगी, आज नहीं तो कल, सदर विधायक
सफलता तेरे कदम चूमेगी, आज नहीं तो कल, सदर विधायक
एक क्लिक में छात्रवृत्ति की धनराशि विद्यार्थियों के खाते में हस्तांतरित
सहारा सन्देश टाइम्स
बदायूँ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में एक क्लिक से छात्रवृत्ति की धनराशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि धन के अभाव में किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न हो और कोई पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे। छात्रवृत्ति अब सीधे विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है।
शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसी क्रम में यहां आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अथिति सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला के साथ समाज कल्याण विभाग/पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग/ अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत छात्रवृत्ति के स्वीकृति पत्र 200 छात्र-छात्राओं को प्रतीकात्मक रूप से वितरित किए। वहीं कक्षा 09 व 10 के प्रत्येक छात्र-छात्राओं को 1212 रुपए तथा कक्षा 10 व 11 के प्रत्येक छात्र-छात्राओं को 3030 सहित जनपद में कुल 3538 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति भेजी गई है। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग के 10 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना अन्तर्गत स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि जो हम बोलते हैं, वह इस ब्रह्मांड में गूंजता है। सर्वे में रिपोर्ट है कि देश तरक्की कर रहा है और हमारा भारत विश्वगुरु बनने वाला है। हमारी सरकार बिना भेदभाव, बिना जात-पात के कार्य कर रही है। हर चेहरे पर खुशहाली होगी तथा मोदी जी और योगी जी इच्छाएं पूरी होंगी। अच्छा सोचो अच्छा होगा आज नहीं तो कल होगा। इसलिए कम से कम अपना अच्छा तो जरूर सोचो। उन्होंने विद्यार्थियों में ऊर्जा भरते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लक्ष्य बनाकर मेहनत के साथ आगे बढ़िए, कामयाबी ज़रूरी मिलेगी उन्होंने कहा कि लक्ष्य न ओझल होने पाए, कदम मिलाकर चल। सफलता तेरे कदम चूमेगी, आज नहीं तो कल। कार्यक्रम समाप्ति से पूर्व नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई तथा राष्ट्रगान भी हुआ। कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, महाराज सिंह, संतोष कुमार सहित अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



Post Comment