जिलाधिकारी ने जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलन कर शुभारम्भ किया
जिलाधिकारी ने जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलन कर शुभारम्भ किया
फील्ड ट्रेनर प्रत्येक बिंदुओं पर अच्छे ढंग से प्रशिक्षण प्राप्त करें-जिलाधिकारी
सहारा सन्देश टाइम्स
उमेश चंद सोनी
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सोमवार को शम्भूनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, झलवा में भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलन कर शुभारम्भ किया। जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण हेतु कुल 226 फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति की गई है। प्रशिक्षण के प्रथम चरण में दिनांक 05 अक्टूबर से 07 अक्टूबर, 2026 तक कुल 120 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। शेष फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण दिनांक 12 अक्टूबर से 14 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनरों को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सम्पन्न होने वाले विभिन्न कार्यों, जनगणना प्रक्रिया, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका तथा जनगणना संबंधी प्रपत्रों एवं डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनरों द्वारा आगे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सम्पन्न कराया जाएगा। इसके अंतर्गत स्व-गणना दिनांक 16 नवम्बर से 30 नवम्बर, 2026 तक, जनसंख्या की गणना दिनांक 01 दिसम्बर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 तक तथा पुनरीक्षण कार्य दिनांक 05 जनवरी से 09 जनवरी, 2027 तक सम्पन्न कराया जाना निर्धारित है।इस अवसर पर जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने फील्ड ट्रेनरों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनगणना-2027 की सफलता में प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक बिन्दु को भली-भांति समझते हुए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि जनगणना के दौरान संकलित होने वाले आंकड़ों की शुद्धता, पूर्णता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि जनसंख्या की गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित 40 प्रश्नों के संबंध में सही एवं स्पष्ट जानकारी प्राप्त की जानी है। प्रगणकों को प्रत्येक प्रश्न सावधानीपूर्वक पूछते हुए उत्तरदाता द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना को सही ढंग से दर्ज करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से बल दिया कि किसी भी व्यक्ति अथवा परिवार की सूचना में छूट, पुनरावृत्ति अथवा गलत प्रविष्टि न हो तथा प्रत्येक स्तर पर आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती विनीता सिंह, अपर नगर आयुक्त (जनगणना) नगर निगम, जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक तथा सहायक निदेशक/प्रभारी, प्रयागराज, जनगणना कार्य निदेशालय, लखनऊ सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।



Post Comment