Loading Now

लखनऊ में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न

लखनऊ में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न

डॉ. इंद्रेश कुमार ने दिया राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सद्भाव और संविधान के सम्मान का संदेश

सहारा सन्देश टाइम्स

लखनऊ । मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (MRM) का प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार को लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह, राजभवन के सामने आयोजित किया गया। सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्गदर्शक डॉ. इंद्रेश कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

डॉ. इंद्रेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच भारत को दंगा-मुक्त, नशा-मुक्त, प्रदूषण-मुक्त और कट्टरता-मुक्त बनाने के साथ-साथ मजहबी भेदभाव से ऊपर उठकर एक बेहतर राष्ट्र के निर्माण का आंदोलन है। उन्होंने इसे “बाय द मुस्लिम, ऑफ द मुस्लिम, फॉर द मुस्लिम” अर्थात मुसलमानों द्वारा, मुसलमानों का और मुसलमानों के लिए चलने वाला आंदोलन बताया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने धर्म और दीन का पालन करते हुए दूसरे धर्मों का सम्मान करने, धार्मिक मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप से बचने तथा विभिन्न समुदायों के बीच आपसी विश्वास और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने संविधान के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

‘नेक बनो, एक बनो’ का दिया संदेश

सम्मेलन में ‘नेक बनो, एक बनो’ तथा ‘तालीम, तहजीब और तरक्की’ के संदेश के साथ शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। मंच की ओर से उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रवाद, सामाजिक सद्भाव और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 10 कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी सामने रखी गई। इनमें दो कार्यक्रम विशेष रूप से सूफीवाद पर केंद्रित होंगे।

कन्या पूजन के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान का संदेश

कार्यक्रम के दौरान मां भगवती के स्वरूप में उपस्थित 10 कन्याओं का पूजन एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ. इंद्रेश कुमार ने सनातन संस्कृति, नारी शक्ति के सम्मान, मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संस्कार, सेवा और सामाजिक सौहार्द की भावना से जोड़कर देखा गया।

सूफ़ी शाह मलंग प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता

सम्मेलन में सूफ़ी शाह मलंग प्रकोष्ठ (मुस्लिम राष्ट्रीय मंच) के राष्ट्रीय संयोजक ताहिर शाह, एडवोकेट चांदनी शाहबानो, राष्ट्रीय सह-संयोजक सूफ़ी जियारत अली शाह मलंग, क्षेत्रीय संयोजिका मेहरून निशा, लखनऊ जिला संयोजिका साजिया, बाराबंकी जिला संयोजक आलम वारसी, जायदा बानो फिरोजाबाद संयोजिका तथा प्रांत संयोजक फिरोज कादरी बिजनौरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर सूफ़ी शाह मलंग प्रकोष्ठ की ओर से प्रस्तावित जागरूकता कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से तैयार रहने की अपील की गई। विशेष रूप से सूफीवाद पर केंद्रित दो कार्यक्रमों के माध्यम से सूफी परंपरा, प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

सम्मेलन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा, सामाजिक सद्भाव, धार्मिक सहिष्णुता और राष्ट्रहित के कार्यों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना रहा।
*ताहिर शाह-राष्ट्रीय संयोजक सूफ़ी शाह मलंग प्रकोष्ठ (MRM)*

Post Comment

मनोरंजन