उज्जैन में विवेकानंद की प्रतिमा के चेहरे पर चूना-कीचड़ लगाया
उज्जैन में विवेकानंद की प्रतिमा के चेहरे पर चूना-कीचड़ लगाया
5 महीने में दूसरी घटना; पार्षद ने CCTV लगाने के लिए अफसरों को लिखे थे पत्र
सहारा सन्देश टाइम्स
उज्जैन। उज्जैन के मोहन नगर स्थित श्रीकृष्ण सरल उद्यान में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने प्रतिमा के चेहरे पर चूना और कीचड़ लगाकर उसे गंदा कर दिया।
बुधवार सुबह जानकारी मिलने पर वार्ड-6 के पार्षद
शिवेंद्र तिवारी ने नगर निगम के सफाईकर्मियों की मदद से प्रतिमा की सफाई करवाई। पार्षद के मुताबिक करीब 5 से साढ़े 5 महीने पहले भी प्रतिमा के साथ ऐसी घटना हुई थी। इसके बाद सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखे गए, लेकिन व्यवस्था नहीं हुई।
पहले भी प्रतिमा पर फेंका था कीचड़
पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने प्रतिमा को गंदा किए जाने की सूचना दी थी। इसके बाद सफाईकर्मियों को बुलाकर प्रतिमा साफ करवाई गई। उन्होंने बताया कि पिछली बार भी प्रतिमा पर कीचड़ डाला गया था। उस समय चिमनगंज मंडी थाने में आवेदन दिया गया था। नगर निगम को भी शिकायत की गई थी।
पत्र लिखने के बाद भी नहीं लगे कैमरे
पार्षद के अनुसार, प्रतिमा की सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए नगर निगम आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखे गए थे। इसके बावजूद दोबारा ऐसी घटना हो गई। इस बार भी नगर निगम अधिकारियों को सूचना दी गई है और शिकायत करने के लिए कहा
गया है। पार्षद ने बताया कि सफाई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन उद्यान विभाग के जिम्मेदार अधिकारी नहीं आए।
7-8 साल पहले स्थापित हुई थी प्रतिमा
नगर निगम ने करीब 7-8 साल पहले उद्यान में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित कराई थी। बार-बार प्रतिमा को गंदा किए जाने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। अब प्रतिमा की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और घटना के जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।



Post Comment