Loading Now

मेजा ऊर्जा निगम में तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान का समापन

मेजा ऊर्जा निगम में तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान का समापन

सहारा सन्देश टाइम्स

मेजा। मेजा ऊर्जा निगम प्रा. लि. में 17 अगस्त से 16 नवम्बर 2026 तक चलाए गए तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान का समापन समारोह 16 नवम्बर 2026 को मुख्य अतिथि एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जी. श्रीनिवास राव की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा” (Probity for Prosperity) रही। अभियान का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय के बीच ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत संबोधन के साथ हुआ। एन. के. अंसारी, अपर महाप्रबंधक (सतर्कता) ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा तीन माह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जी. श्रीनिवास राव ने अपने संबोधन में सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता को संगठन की प्रगति और देश के विकास का आधार बताया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यों में ईमानदारी, निष्पक्षता तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त एवं जवाबदेह कार्यसंस्कृति के निर्माण में प्रत्येक कर्मचारी और हितधारक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
तीन माह के इस अभियान के दौरान निगम द्वारा निबंध लेखन, वाद-विवाद, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिता सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और सत्यनिष्ठा की शपथ का आयोजन किया गया।
अभियान के अंतर्गत मेजा ऊर्जा निगम टाउनशिप स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के साथ-साथ जैन बालिका इंटर कॉलेज, कोहड़ार, बी.एम.जी.एस. करछना, प्रयागराज, विजय इंटर कॉलेज, मेजा, प्रयागराज तथा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, मेजा, प्रयागराज के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन सभी शैक्षणिक संस्थानों के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
समापन समारोह में नुक्कड़ नाटकों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। नुक्कड़ नाटक में मुंशी प्रेमचंद द्वारा लिखित नमक का दरोगा , गुप्त धन तथा ईश्वरीय न्याय का विमोचन किया गया इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता, ईमानदारी, नैतिक आचरण एवं सत्यनिष्ठा का संदेश दिया गया।
समारोह के दौरान अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सभी विजेताओं को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर अभियान के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले कर्मचारियों, विभिन्न विभागों, विद्यालयों के शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं अन्य हितधारकों के योगदान की भी सराहना की गई। सभी से अपील की गई कि वे अभियान के संदेश को अपने दैनिक जीवन एवं कार्यशैली में अपनाएँ।
यह तीन माह का अभियान मेजा ऊर्जा निगम की पारदर्शिता, ईमानदारी, जवाबदेही एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सत्यनिष्ठा, नैतिकता और पारदर्शिता को अपनाकर ही संगठन एवं देश का वास्तविक और स्थायी विकास संभव है।
कार्यक्रम में अशोक कुमार सामल, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), शरद सिंह महाप्रबंधक (परियोजना), नीरज कुमार, महाप्रबंधक (अनुबंध एवं सामग्री), अंग्शु बरुआ, मुख्य वित्त अधिकारी, डॉ. ए. के. चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अजय सिंह, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post Comment

मनोरंजन