नजीबाबाद तहसील में विस चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
नजीबाबाद तहसील में विस चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
सहारा सन्देश टाइम्स
नजीबाबाद lआगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच नजीबाबाद तहसील में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण सूची में तहसील में तैनात तीन अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। एक साथ हुए इन तबादलों से तहसील प्रशासन में हलचल मच गई है। जारी आदेश के मुताबिक तहसीलदार संतोष यादव को नजीबाबाद से प्रयागराज स्थानांतरित किया गया है। वहीं नायब तहसीलदार अमर पाल को सहारनपुर भेजा गया है। इसके अलावा नायब तहसीलदार अमित कुमार का भी तबादला करते हुए उन्हें बुलंदशहर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तीन महत्वपूर्ण अधिकारियों के एक साथ स्थानांतरण के बाद तहसील में प्रशासनिक व्यवस्थाओं में बदलाव होना तय माना जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को शासन के आदेश के अनुसार अपने नए तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। उधर, एक साथ तीन अधिकारियों के तबादले को लेकर तहसील परिसर और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे अधिकारियों का निर्धारित कार्यकाल पूरा होने से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ की नजर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर है।



Post Comment