Loading Now

गेटवे ऑफ इंडिया पर ‘शांति और मानवता’ का महाकुंभ: सीएम फडणवीस के हाथों सद्गुरू, सचिन तेंदुलकर और देविका रोटावन ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स’ से सम्मानित

गेटवे ऑफ इंडिया पर ‘शांति और मानवता’ का महाकुंभ: सीएम फडणवीस के हाथों सद्गुरू, सचिन तेंदुलकर और देविका रोटावन ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स’ से सम्मानित

सहारा सन्देश टाइम्स

​मुंबई। निस्वार्थ सेवा, साहस और मानवीय मूल्यों को सलाम करते हुए मुंबई के ऐतिहासिक गेटवे ऑफ इंडिया पर ‘दिव्यज फाउंडेशन’ द्वारा भव्य ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026’ समारोह का आयोजन किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रमुख उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में 26/11 के आतंकी हमले के वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
​इन दिग्गजों और वीरांगना का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाली चार प्रमुख हस्तियों को ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स’ से नवाजा:
​भारतरत्न सचिन तेंदुलकर: खेल और समाज सेवा में प्रेरणादायी योगदान के लिए।
​पद्मविभूषण सद्गुरू: आध्यात्मिक और वैश्विक शांति के प्रयासों के लिए। (इस दौरान सीएम फडणवीस ने सद्गुरू के साथ विभिन्न समसामयिक विषयों पर विशेष संवाद भी किया।)
​देविका रोटावन: 26/11 आतंकी हमले की सबसे कम उम्र की प्रत्यक्षदर्शी गवाह, जिनके अदम्य साहस ने आतंकियों को सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
​बी. प्रभाकरन: उद्योग जगत और सामाजिक उत्तरदायित्व में उल्लेखनीय कार्य के लिए।
​शांति ही प्रगति की असली नींव: मुख्यमंत्री
इस अवसर पर शहीदों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “शांति किसी भी समाज की प्रगति और समृद्धि का सबसे मजबूत आधार है। जहां शांति होती है, वहीं विश्वास और विकास पनपता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि शांति बनाए रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे सम्मान समारोह न केवल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वालों का गौरव बढ़ाते हैं, बल्कि दूसरों को भी मानवता की राह पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता के क्षेत्र में ‘दिव्यज फाउंडेशन’ के निरंतर प्रयासों की भी सराहना की और सभी से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में जुटने का आह्वान किया।
​दिग्गजों और शहीद परिवारों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक शाम के साक्षी बनने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, अमृता फडणवीस और राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में 26/11 हमले के शहीदों के परिजनों के साथ-साथ विभिन्न देशों के राजदूत, महावाणिज्यदूत (कॉन्सुल जनरल), प्रमुख उद्योगपति और फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की।

Post Comment

मनोरंजन