Loading Now

विज्ञान के मंच पर बिजनौर के होनहारों का जलवा, मंडल में गाड़े सफलता के झंडे

विज्ञान के मंच पर बिजनौर के होनहारों का जलवा, मंडल में गाड़े सफलता के झंडे

छह पुरस्कारों से चमका जिला, आपदा प्रबंधन में केशव अग्रवाल ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय सहित जनपद को दिलाया गौरव

सहारा सन्देश टाइम्स

बिजनौर। प्रतिभा, परिश्रम और वैज्ञानिक सोच के दम पर बिजनौर के विद्यार्थियों ने मंडल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में अपनी सफलता का परचम लहराया। मुरादाबाद में आयोजित 54वीं बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2026 में जनपद के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न उपविषयों में छह स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में एक प्रथम, तीन द्वितीय और दो तृतीय स्थान बिजनौर के नाम रहे। आपदा प्रबंधन विषय में झालू के केशव अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उपलब्धि के केंद्र में जगह बनाई।

प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ था। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जनपदों से आए विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित मॉडल के जरिए भविष्य की चुनौतियों, तकनीकी विकास और समाजोपयोगी नवाचारों को प्रस्तुत किया।

आपदा प्रबंधन मॉडल से केशव ने छोड़ी छाप

झालू निवासी केशव अग्रवाल, हृदयानन्द सार्वजनिक इंटर कॉलेज झालू के विद्यार्थी हैं। आपदा प्रबंधन उपविषय में प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने मंडल स्तर पर विद्यालय और बिजनौर का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता में अमरोहा के ओजस अमरार ने तृतीय स्थान हासिल किया।

छह उपलब्धियों से जिले की प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन

विज्ञान प्रदर्शनी के विभिन्न उपविषयों में बिजनौर के अन्य विद्यार्थियों ने भी सफलता हासिल की।

– सुमित – एमआईएस, बिजनौर: स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण में द्वितीय स्थान।
– वंशिका प्रजापति – सीडीआईसी, हल्दौर: सतत कृषि पद्धतियों में द्वितीय स्थान।
– पूर्वी राजपूत – केपीएस, बिजनौर: ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान में द्वितीय स्थान।
– उज्ज्वल प्रकाश – एमएसएन एमआईसी, बिजनौर: कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में तृतीय स्थान।
– भव्या खन्ना – केपीएस, बिजनौर: गणितीय मॉडलिंग एवं गणनात्मक सोच में तृतीय स्थान।

मंडल स्तर पर मिली इस सफलता ने बिजनौर के विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचार क्षमता और मेहनत को नई पहचान दी है। खास तौर पर केशव अग्रवाल की उपलब्धि ने जिले के शैक्षिक जगत में गौरव का नया अध्याय जोड़ दिया।

Post Comment

मनोरंजन