महीनों से जला पड़ा नलकूप का मोटर, पानी के लिए दर-दर भटक रहे ग्रामीण
महीनों से जला पड़ा नलकूप का मोटर, पानी के लिए दर-दर भटक रहे ग्रामीण
सहारा सन्देश टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। विकास खंड मेजा के ग्राम पंचायत ऊपरौरा लोहारी में सरकारी नलकूप का मोटर पिछले कई महीनों से जला पड़ा है। मोटर खराब होने के कारण गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें रोजाना दूर-दराज के हैंडपंपों और अन्य स्रोतों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, नलकूप का मोटर जलने की सूचना कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं और कान में तेल डालकर बैठे हुए हैं। इससे लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में भी स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था न होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। पानी की कमी के कारण घरेलू कार्यों के साथ-साथ पशुओं को पानी पिलाने में भी कठिनाई हो रही है। कई परिवारों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर पानी लाना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है।
गांव के लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि खराब पड़े नलकूप के मोटर को तत्काल बदलवाकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।



Post Comment