प्रयागराज में 18,706 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण, रोटरी एवं स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया जागरूकता अभियान
प्रयागराज में 18,706 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण, रोटरी एवं स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया जागरूकता अभियान
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से 14–15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं का समय से टीकाकरण कराने की अपील की
सहारा सन्देश टाइम्स
प्रयागराज। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, प्रयागराज एवं रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3120 के संयुक्त तत्वावधान में एचपीवी जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान के संबंध में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 14–15 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण समय से अवश्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभियान की सफलता के लिए जन-जागरूकता एवं समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. तिवारी ने बताया कि 06 अगस्त 2026 तक जनपद प्रयागराज में 18,706 पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाने के साथ-साथ एचपीवी वैक्सीन के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. अंकिता राज ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को समय से एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभिभावक किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न देते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही प्रमाणिक एवं वैज्ञानिक जानकारी पर भरोसा करें तथा पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कराकर उनके बेहतर एवं सुरक्षित भविष्य में योगदान दें।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. पूनम गुलाटी ने कहा कि जिस प्रकार रोटरी ने पोलियो उन्मूलन अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उसी प्रतिबद्धता के साथ एचपीवी टीकाकरण अभियान में भी स्वास्थ्य विभाग को निरंतर सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण तथा टीकाकरण के महत्व के बारे में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन विश्व के 150 से अधिक देशों में 50 करोड़ से अधिक बालिकाओं को दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में भी अब तक 7 लाख से अधिक पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है।
प्रेस वार्ता में एचपीवी टीकाकरण से संबंधित भ्रांतियों एवं गलत धारणाओं को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं रोटरी द्वारा मीडिया तथा आमजन से अपील की गई कि एचपीवी टीकाकरण के संबंध में वैज्ञानिक एवं प्रमाणिक जानकारी का व्यापक प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं इस अभियान से लाभान्वित हो सकें और एचपीवी टीकाकरण को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
प्रेस वार्ता में डॉ. अंकिता राज, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 की पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. सतपाल गुलाटी, रोटेरियन पंकज जैन, रोटेरियन शशांक जैन, डॉ. अमित, डॉ. प्रीति, विष्णु एवं डॉ. फिरोज खान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Post Comment