Loading Now

मुख्य विकास अधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं कंपोजिट विद्यालय दुखीपुर का किया निरीक्षण

मुख्य विकास अधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं कंपोजिट विद्यालय दुखीपुर का किया निरीक्षण

सहारा सन्देश टाइम्स

प्रयागराज।  मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती हर्षिका सिंह ने आज खंड विकास अधिकारी कौड़िहार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी  अनिल कुमार एवं डीसी बालिका  संतोष पांडे के साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कौड़िहार का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की शैक्षिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थित कंपोजिट विद्यालय दुखीपुर का भी भ्रमण किया। उन्होंने परिषदीय विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों से गणित, अंग्रेजी एवं हिंदी विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षिक स्तर का आकलन किया। बच्चों द्वारा मुख्य विकास अधिकारी के सवालों के संतोषजनक उत्तर दिए जाने तथा अंग्रेजी की कहानी सुनाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन (एमडीएम) भी ग्रहण किया। उन्होंने छात्राओं के साथ भोजन करते हुए उनसे संवाद किया तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं के साथ भोजन करने के अनुभव को उन्होंने सुखद बताते हुए कहा कि बच्चों के साथ समय बिताना और उनके साथ भोजन करना उनके लिए विशेष अनुभव है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कक्षा-9 में नामांकित छात्राओं को स्टेशनरी एवं बैग का वितरण भी किया गया। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Previous post

स्कूल जा रहे युवक पर हमला, बचाने पहुंची मां और बहन से भी मारपीट का आरोप; मांडा थाने में मुकदमा दर्ज

Next post

31 जनपदों में महिला नेतृत्व वाला दुग्ध मॉडल, हजारों महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’-  केशव प्रसाद मौर्य

Post Comment

मनोरंजन