Loading Now

मेजा क्षेत्र में फांसी के फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजन जता रहे हत्या की आशंका

मेजा क्षेत्र में फांसी के फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजन जता रहे हत्या की आशंका

सहारा सन्देश टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिला। शव जंगल में नीम के पेड़ पर लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सोनू निषाद का गुरुवार शाम लगभग चार बजे भैंस चराने के लिए घर से निकला था। बताया जा रहा है कि उसके साथ आशू निषाद भी दुकान की ओर गया था। इसके बाद सोनू वापस घर नहीं पहुंचा। परिजन और ग्रामीण अपने स्तर से उसकी तलाश करते रहे।
शुक्रवार सुबह गांव के सामने जंगल क्षेत्र में एनटीपीसी रेलवे लाइन के समीप नीम के पेड़ पर सोनू का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना अन्य लोगों और मृतक के परिजनों को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मेजा थाना प्रभारी तथा कोहड़ार चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि सोनू की मौत सामान्य आत्महत्या नहीं हो सकती और उन्होंने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। हालांकि युवक की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
बताया जाता है कि सोनू दो भाई था। उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधाने के लिए मौके पर पहुंचते रहे।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से पुलिस द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और युवक के घर से निकलने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जानकारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं परिजन हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत आत्महत्या थी अथवा इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

Previous post

डेंगू-मलेरिया से लेकर डायरिया तक का बढ़ता खतरा, स्वच्छता और सावधानी को बनाया जाए सुरक्षा कवच : डॉ. आर. के. कुशवाहा

Next post

मेजा ऊर्जा निगम द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत तहसील मेजा के ग्राम झड़ियाही में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री का वितरण

Post Comment

मनोरंजन