रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चोरी, पैथोलॉजी लैब का ताला तोड़कर लाखों की मशीनें ले गए चोर
रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चोरी, पैथोलॉजी लैब का ताला तोड़कर लाखों की मशीनें ले गए चोर
सहारा सन्देश टाइम्स
मेजा। मेजा क्षेत्र स्थित रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीती रात चोरों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए पैथोलॉजी लैब के कमरे का ताला तोड़कर महत्वपूर्ण मशीनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय हुई, जब अस्पताल का स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा और पैथोलॉजी लैब के कमरे का ताला टूटा हुआ देखा। कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई मशीनें गायब थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना अस्पताल के उच्चाधिकारियों को दी। अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई है। चोरी गई मशीनों की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है, हालांकि चोरी गए उपकरणों और उनकी कीमत का सही आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि अस्पताल में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि बार-बार चोरी की घटनाएं होने के बावजूद अभी तक चोरों का पता नहीं लगाया जा सका है। इससे अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में चिंता बनी हुई है।
अधीक्षक ने बताया कि पैथोलॉजी लैब में रखी आवश्यक मशीनें चोरी होने से मरीजों को जांच संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अस्पताल में आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलती है, ऐसे में लैब के उपकरण चोरी होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। लगातार चोरी की घटनाओं के कारण अस्पताल में आने वाले मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में भी असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। लोगों ने अस्पताल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्त और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर मेजा पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं में पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जाती तो शायद चोरों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य बिंदुओं की जांच किए जाने की उम्मीद है।
अब देखना यह है कि पुलिस पैथोलॉजी लैब में हुई इस चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है और चोरी गई मशीनें बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाता है या नहीं। अस्पताल प्रशासन और क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।



Post Comment