जिलाधिकारी नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम में हुए सम्मिलित
जिलाधिकारी नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम में हुए सम्मिलित
जिलाधिकारी ने नेत्रदान को मानवता की महान सेवा बताते हुए लोगों से नेत्रदान का संकल्प लेने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का किया आह्वाहन
नेत्रदान किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में नई रोशनी और नई उम्मीद लाता है-जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने नेत्रदान का संकल्प पत्र भरकर समाज के सामने प्रस्तुत किया प्रेरणादायक उदाहरण
सहारा सन्देश टाइम्स
प्रयागराज । क्षेत्रीय नेत्र संस्थान, एम.डी. नेत्र चिकित्सालय में 25 अगस्त से 8 सितंबर, 2026 तक 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के आयोजन के क्रम में नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने नेत्रदान को मानवता की महान सेवा बताते हुए लोगों से मृत्यु के बाद अपने नेत्रदान का संकल्प लेने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं नेत्रदान का संकल्प पत्र भरकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। साथ ही जिलाधिकारी की धर्मपत्नी डॉ0 अंकिता राज ने भी नेत्रदान का संकल्प पत्र भरने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान का एक निर्णय किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में प्रकाश ला सकता है।
41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े (25 अगस्त 8 सितंबर 2026) के दौरान क्षेत्रीय नेत्र संस्थान द्वारा व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से चिकित्सकों की टीमों को आसपास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया।
इस जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को मृत्यु के बाद नेत्रदान की प्रक्रिया, कॉर्नियल अंधत्व में इसकी उपयोगिता तथा समय पर सूचना देने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। अभियान का उत्साहजनक परिणाम रहा कि विभिन्न सीएचसी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान कुल 708 नेत्रदान संकल्प पत्र भरवाए गए, जो क्षेत्र में नेत्रदान के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं जनभागीदारी को दर्शाता है।
कार्यक्रम में नेत्रदान करने वाले दिवंगत दाताओं के परिवार के सदस्यों को सम्मानित एवं अभिनंदित किया गया। उनके त्याग और मानवता की सेवा के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि ऐसे परिवार समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। दाता परिवारों का सम्मान करने का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करना तथा समाज में नेत्रदान की जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित पोस्टर प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता के विजेता ऑप्टोमेट्रिस्ट एवं जूनियर रेजिडेंट्स को मुख्य अतिथि मनीष कुमार वर्मा एवं अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से नेत्रदान के महत्व, कॉर्नियल अंधत्व तथा नेत्रदान से जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करने का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के प्रति प्रेरित करना और समाज में यह संदेश पहुंचाना रहा कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में नई रोशनी और नई उम्मीद ला सकता है।
कार्यक्रम में प्रो. एस.पी. सिंह, निदेशक प्रो. संतोष कुमार, प्रो. जागृति राणा, आई बैंक प्रभारी डॉ. आरती सिंह तथा सीएमएस डॉ. एस.एस. सिन्हा सहित चिकित्सक, ऑप्टोमेट्रिस्ट, जूनियर रेजिडेंट एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Post Comment