Loading Now

मांडा में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

मृतक गांव-गांव घूमकर खिलौने और गुब्बारे बेचकर करता था परिवार का भरण-पोषण

सहारा सन्देश टाइम्स

मांडा, प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ देखा गया। पेड़ से लटका शव मिलने की सूचना तेजी से आसपास के गांवों में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
जानकारी अनुसार मृतक की पहचान दीपक कुमार बिन्द (24) पुत्र छोटेलाल, निवासी ललितपुर, भौसरानरोत्तम, थाना मांडा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दीपक बच्चों के खिलौने और गुब्बारे गांव-गांव घूमकर बेचता था। इसी काम से होने वाली आमदनी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार को कुछ लोगों की नजर पेड़ की ओर गई तो वहां युवक का शव लटकता दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही भारतगंज चौकी प्रभारी हर्ष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करते हुए आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
युवक की अचानक मौत से उसके परिवार और परिचितों में मातम का माहौल है। ग्रामीण भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Previous post

भाई बलजोरा सिंह कुशवाह का लम्बी बिमारी के चलते स्वर्गवास हो गया

Next post

मातृभाषा दिवस पर गूँजी बालिकाओं की प्रतिभा, ‘बालिका शिक्षा मिशन’ के तहत नि:शुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहीं छात्राओं ने बाँधा समां

Post Comment

मनोरंजन