Loading Now

मेजा में रोशनदान तोड़कर घर में घुसे चोर, 1.20 लाख नकदी समेत सोने के आभूषण किए पार

मेजा में रोशनदान तोड़कर घर में घुसे चोर, 1.20 लाख नकदी समेत सोने के आभूषण किए पार

परिवार के पांच सदस्य घर में सोते रहे, सुबह चोरी का पता चलने पर मचा हड़कंप

सहारा सन्देश टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के कोटहा गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए रोशनदान तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 1.20 लाख रुपये नकद तथा सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के पांच सदस्य घर के आगे वाले कमरों में सो रहे थे। रात में चोरी की भनक तक परिवार के लोगों को नहीं लग सकी। मंगलवार सुबह जब घर के पीछे वाले कमरे में सामान अस्त-व्यस्त मिला और रोशनदान टूटा हुआ दिखाई दिया तो परिजनों के होश उड़ गए।
पीड़ित रामदेव जायसवाल के अनुसार, चोर बगल में स्थित एक मकान की छत के रास्ते उनके घर तक पहुंचे। इसके बाद चोरों ने घर के पीछे वाले कमरे के रोशनदान को तोड़ दिया और उसी रास्ते से अंदर दाखिल हो गए। घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने कमरे में रखे सामान और बक्सों को खंगाला। इस दौरान उन्हें करीब 1.20 लाख रुपये की नकदी और सोने के आभूषण हाथ लग गए। सामान समेटने के बाद चोर रोशनदान के रास्ते ही बाहर निकलकर फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, घटना के दौरान घर के आगे वाले कमरों में पांच लोग सो रहे थे। चोरों ने बड़ी सावधानी से पीछे के कमरे को निशाना बनाया, जिसके कारण परिवार के किसी सदस्य को चोरी की भनक नहीं लगी। सुबह उठने के बाद जब परिजन घर के पीछे की ओर पहुंचे तो टूटा हुआ रोशनदान और कमरे में बिखरा सामान देखकर घटना की जानकारी हुई। देखते ही देखते चोरी की खबर पूरे परिवार में फैल गई और घर में हड़कंप मच गया।
पीड़ित रामदेव जायसवाल ने बताया कि उनके घर को पहले भी चोर निशाना बनाने की कोशिश कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि करीब आठ वर्ष पहले भी चोर घर में घुसे थे, लेकिन उस समय परिवार के लोगों को आहट हो गई थी। आहट होने पर चोर बिना सामान लिए मौके से भाग निकले थे। इसके अलावा भी एक बार चोरी का प्रयास किया जा चुका है। लगातार चोरी के प्रयासों से परिवार में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत है। चोरी की इस घटना के बाद ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से घटना की जांच कर चोरों का पता लगाने और गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित परिवार ने चोरी की घटना की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि आसपास के रास्तों और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर पुलिस जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करेगी।

Post Comment

मनोरंजन