Loading Now

नवागत तहसीलदार आकांक्षा वाजपेयी ने संभाला कार्यभार, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

नवागत तहसीलदार आकांक्षा वाजपेयी ने संभाला कार्यभार, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण, लंबित मामलों और जनहित की योजनाओं की समीक्षा

सहारा सन्देश टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा तहसील की नवागत तहसीलदार आकांक्षा वाजपेयी ने कार्यभार संभाल लिया है। तहसील परिसर पहुंचने पर राजस्व कर्मियों, लेखपालों तथा तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के तत्काल बाद उन्होंने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया और लंबित फाइलों के साथ जनहित से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की।
इसके बाद तहसीलदार ने पत्रकारों एवं तहसील कर्मचारियों से बातचीत कर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि तहसील प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान करना है। तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनी जाएगी और निर्धारित समय के भीतर उसका निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। तहसीलदार आकांक्षा वाजपेयी ने विरासत, दाखिल-खारिज, सीमांकन और राजस्व संबंधी मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने राजस्व कर्मियों और लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने तथा भूमि विवादों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की बात कही। साथ ही स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसीलदार ने कहा कि फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यप्रणाली उनके काम करने के प्रमुख आधार होंगे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आम जनता को बेहतर प्रशासन उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

Post Comment

मनोरंजन