मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ
मा0 सांसद फूलपुर ने भारत टैक्सी सेवा को दिखायी हरी झण्डी
सहारा सन्देश टाइम्स
प्रयागराज । माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया गया। उक्त राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सरदार पटेल संस्थान, अलोपीबाग में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लि० (एल०डी०बी०) के माध्यम से लघु एवं सीमांत कृषकों के आर्थिक सशक्तीकरण एवं कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर मा0 सांसद फूलपुर श्री प्रवीण पटेल जी ने भारत टैक्सी सेवा का हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, कार्यक्रम संयोजक, अमरनाथ यादव डायरेक्टर पी०सी०एफ०, लखनऊ एवं अध्यक्ष नगर पंचायत फूलपुर, आशीष श्रीवास्तव, उपायुक्त एवं उपनिबंधक सहकारिता, प्रयागराज मण्डल, प्रयागराज, श्रीमती साधना सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, प्रयागराज, वीरेंद्र बहादुर सिंह एल०डी०बी०, अध्यक्ष, फूलपुर, आरपी सिंह बघेल आर०जी०बी०, सदस्य इफको, साथ ही सभी शाखाओं के एल०डी०बी० डायरेक्टर, डी०सी०एफ० डायरेक्टर,आर०एम०-पी०सी०एफ०/ पी०सी०यू० सहित सहकारिता विभाग के समस्त अधिकारी व सभी समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव/कर्मचारी, सहकारिता से जुडे कृषक तथा अन्य प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य लघु एवं सीमांत कृषकों को सुलभ एवं रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि करना है। योजना के अंतर्गत पात्र कृषकों को 6.00 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी व्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र कृषकों को राज्य सरकार द्वारा ब्याज अनुदान का लाभ भी प्राप्त होगा। योजना हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ₹384 करोड की स्वीकृति प्रदान की गयी है तथा आगामी 5 वर्षों में 5 लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों एवं आवश्यक पूंजीगत निवेश हेतु भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर बल दिया गया है।
इस अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) द्वारा संचालित भारत का पहला सहकारी नेतृत्व वाला डिजिटल राइड हेलिंग प्लेटफॉर्म है। सारथी ही मालिक की सहकारी भावना के अंतर्गत चालक सदस्य एवं हितधारक के रूप में इससे जुडते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराते हुए चालकों के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण, रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर बी-पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सचिवों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र कृषकों को योजना से जोडने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों एवं सहकारिता से जुडे प्रतिनिधियों ने सहकारिता आधारित इन पहलों को जन-जन तक पहुँचाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रमुख तथ्यः ₹384 करोड स्वीकृत। 5 वर्षों में 5 लाख कृषक ₹6 लाख तक दीर्घकालीन ऋण। 6ः प्रभावी ब्याज दर। भारत टैक्सीः सहकारिता-आधारित डिजिटल मोबिलिटी सेवा।



Post Comment