प्रयागराज में रोजगार महोत्सव, 985 अभ्यर्थियों का चयन
प्रयागराज में रोजगार महोत्सव, 985 अभ्यर्थियों का चयन
सहारा सन्देश टाइम्स
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर, प्रयागराज में गुरुवार को रोजगार महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निजी क्षेत्र की विभिन्न 22 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार की तलाश में पहुंचे 2068 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने मेले में हिस्सा लिया, जिसमें कुल 985 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। रोजगार महोत्सव में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के प्रतिनिधि गिरिजेश द्विवेदी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि रोजगार के अवसर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उप निदेशक सेवायोजन रविशेखर आनंद, सेवानिवृत्त उप निदेशक रमाशंकर भारतीय सहित सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं विश्वमोहन द्विवेदी, अनु0 द्वारा अभ्यर्थियों को प्री-प्लेसमेंट कैरियर काउंसिलिंग प्रदान की गई। काउंसिलिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए आवश्यक तैयारी, साक्षात्कार एवं करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। रोजगार महोत्सव में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता रही। 985 अभ्यर्थियों के चयन से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिले, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला।



Post Comment