विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर आरके कॉलेज ऑफ फार्मेसी में रक्तदान शिविर, 15 यूनिट रक्त एकत्र
विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर आरके कॉलेज ऑफ फार्मेसी में रक्तदान शिविर, 15 यूनिट रक्त एकत्र
सहारा सन्देश टाइम्स
नैनी,प्रयागराज। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर 25 सितंबर 2026 को सुनहरा भविष्य विकास समिति के तत्वावधान में आरके कॉलेज ऑफ फार्मेसी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में फार्मासिस्टों की भूमिका और उनके योगदान को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोहर दास नेत्र चिकित्सालय, प्रयागराज के प्रबंधक डॉ. शक्ति दुबे तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. भागवत पाण्डेय एवं व्यंजना पाण्डेय रहे। मुख्य अतिथि डॉ. शक्ति दुबे ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्था के प्रबंध निदेशक इं. आशीष त्रिपाठी, प्राचार्य डॉ. सीएस सिंह एवं एचआर ओम प्रकाश शर्मा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
रक्तदान शिविर की शुरुआत संस्थान के छात्र अंशु एवं रियांशु द्वारा रक्तदान से हुई। इसके बाद अन्य छात्र-छात्राओं तथा शैक्षणिक कर्मचारियों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में कुल 15 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। एएनएचए ब्लड बैंक, सिविल लाइंस, प्रयागराज की टीम ने रक्तदान की प्रक्रिया संपन्न कराई। इसमें पप्पू यादव, संदीप कुमार, इंद्र कुमार, राजेश कुमार, प्रकाश पटेल, तरुण कुमार, ऋतिक राज सहित लैब टेक्नीशियन शामिल रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. शक्ति दुबे ने रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने रक्तदान के प्रति लोगों में निरंतर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. भागवत पाण्डेय ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस वर्ष की थीम “मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें, जीवन बचाएं” है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उपचार प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान फार्मेसी के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कलाकृतियों, पोस्टर एवं रंगोली के माध्यम से फार्मासिस्टों की भूमिका को प्रदर्शित किया।
प्राचार्य डॉ. सीएस सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, ब्लड बैंक की टीम, छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रजिस्ट्रार अनुज शुक्ला, उप प्राचार्य दिलीप कुमार, कार्यक्रम संयोजक कार्तिकेय मिश्रा, पंकज चतुर्वेदी सहित संस्थान के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।



Post Comment