मेजा ऊर्जा निगम एवं श्रम विभाग द्वारा श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन
मेजा ऊर्जा निगम एवं श्रम विभाग द्वारा श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन
सहारा सन्देश टाइम्स
मेजा । श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेजा ऊर्जा निगम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेवा संकल्प अभियान के तहत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक राजमणि कोल, विधानसभा क्षेत्र कोरांव रहे। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मेजा ऊर्जा निगम जी. श्रीनिवास राव एवं उप श्रम आयुक्त, प्रयागराज सुमित कुमार उपस्थित रहे। शिविर में लगभग 250 श्रमिकों ने सहभागिता की एवं लगभग 100 लोगों ने मेडिकल कैंप के लिए पंजीकरण कराया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय विधायक राजमणि कोल द्वारा छह श्रमिकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय अवसर है, जब सरकार स्वयं श्रमिकों के द्वार तक पहुंचकर उनके कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने सरकार के “सबका साथ, सबका विकास” के दृष्टिकोण पर जोर देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना तथा श्रमिकों के कल्याण एवं उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उप श्रम आयुक्त, प्रयागराज सुमित कुमार ने उपस्थित श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर के दौरान श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेष स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य एवं कार्यस्थल सुरक्षा संबंधी जागरूकता तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं में पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आवश्यकता के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं एवं निःशुल्क दवा वितरण की सुविधा भी प्रदान की गई।
शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समीर शर्मा, महाप्रबंधक (परिचालन एवं ईंधन प्रबंधन), नीरज कुमार, महाप्रबंधक (संविदा एवं सामग्री), विवेक चंद्रा, विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन), डॉ. ए. के. चौधरी (मुख्य चिकित्सा अधिकारी), मनोज कुमार वर्मा, उप महाप्रबंधक और साथ ही मानव संसाधन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. संजय कुमार लाल, सहायक श्रम आयुक्त, प्रयागराज तथा श्रीमती अमिता शुक्ला,श्रम प्रवर्तन अधिकारी, प्रयागराज की उपस्थिति रही।



Post Comment