गीता ज्ञान एकेडमी में धूमधाम से मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती
गीता ज्ञान एकेडमी में धूमधाम से मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती
खेल-कूद, निबंध लेखन और कला प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
सहारा सन्देश टाइम्स
कोरांव ,प्रयागराज । गीता ज्ञान एकेडमी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक रमेश प्रसाद ने किया। इस दौरान बच्चों के लिए खेल-कूद, निबंध लेखन एवं कला (ड्राइंग) प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बनाया।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रबंधक रमेश प्रसाद ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में छिपी प्रतिभा निखरकर सामने आती है। साथ ही, उनमें आपसी सहयोग, सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक सोच की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने सभी बच्चों से ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय के संचालक विजय शंकर, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को दोनों महान विभूतियों के आदर्शों, सादगी, सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। विद्यालय में आयोजित यह समारोह उत्साह, सम्मान के साथ सम्पन्न हुई।



Post Comment