उज्जैन में मस्जिद बनवाने ठग शेयर कर रहे बारकोड,घर-घर जाकर चंदा ले रहे; कमेटी बोली- ये फ्रॉड, हमने एक रुपया नहीं मांगा
उज्जैन में मस्जिद बनवाने ठग शेयर कर रहे बारकोड,घर-घर जाकर चंदा ले रहे; कमेटी बोली- ये फ्रॉड, हमने एक रुपया नहीं मांगा
सहारा सन्देश टाइम्स
उज्जैन। उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की जद में आई शाही मस्जिद का साढ़े 3 फीट हिस्सा तोड़ा जा रहा है। इसे लेकर 28 सितंबर को पथराव किया गया था। लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़कर पुलिस ने हालात संभाले। इसके बाद से ही शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है।उधर, इस पूरे मामले को ठगों ने भुनाने की कोशिश की है। मैसेज दिया जा रहा है कि मस्जिद को दोबारा बनवाने के लिए चंदा दीजिए। सोशल मीडिया पर बारकोड जारी किए जा रहे हैं। कुछ लोग घर-घर जाकर कैश भी ऐंठ रहे हैं।
खबर मस्जिद कमेटी तक पहुंची तो एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें कहा कि ये फ्रॉड है। इसमें लोगों को सतर्क करते हुए चंदा नहीं देने की अपील की गई है।
कमेटी ने किसी से एक रुपया भी नहीं मांगा
सदर अब्दुल मन्नान ने लोगों से इन बारकोड पर पैसे नहीं भेजने की अपील की है। कहा है कि ये बारकोड कमेटी की ओर से जारी नहीं किए गए हैं। मस्जिद कमेटी ने अभी तक किसी से एक रुपए का भी चंदा नहीं लिया है।
उन्होंने कहा- यदि कोई व्यक्ति आर्थिक मदद करना चाहता है तो पहले मस्जिद कमेटी या इमाम साहब से संपर्क कर जानकारी हासिल कर ले। सोशल मीडिया पर चल रहे बारकोड की छानबीन किए बिना पैसे जमा नहीं करें। दुख की घड़ी में भी कुछ लोग फायदा उठा रहे हैं। चंदा देने से पहले कमेटी से पुष्टि करना जरूरी है, ताकि पैसा सही जगह पहुंच सके।
रात में टीम मौके पर पहुंची, सुबह पथराव होने लगा
उज्जैन में सिंहस्थ के चलते कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। इस सड़क की चौड़ाई अभी 12 मीटर है, जिसे 15 मीटर किया जाना है। इसी रास्ते में छत्री चौक पर शाही मस्जिद है।
नगर निगम ने अगस्त में ही नोटिस जारी कर दिए थे। 1 सितंबर को अंतिम आदेश दिया गया। मस्जिद प्रबंधन ने कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया, लेकिन याचिकाएं खारिज हो गईं।
इसके बाद 27 सितंबर को रात करीब 11 बजे मस्जिद परिसर के आसपास बड़ी संख्या में फोर्स तैनात किया गया। शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। रात करीब 12 बजे के आसपास बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिद के पास जुट गए। लेकिन, समझाइश के बाद वे रात में ही घर लौट गए।
अगले दिन 28 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे फिर लोग जुट गए। पत्थरबाजी होने लगी। जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में मस्जिद कमेटी और मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोगों की ओर से सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाला हिस्सा स्वयं हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
8 FIR में 34 आरोपी, 24 गिरफ्तार
28 सितंबर को हुए उपद्रव के मामले में पुलिस ने 8 एफआईआर दर्ज की हैं। 34 को आरोपी बनाया है। 24 की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार सर्चिग कर रही है। पथराव, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने और उपद्रव में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने अब तक 100 से अधिक वायरल कंटेंट कोब्लॉक करवाया है। दूसरे जिलों से भी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड मंगाया जा रहा है। यदि किसी आरोपी की अन्य मामलों में संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित मामलों में उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
अभी 40 लोग 2 शिफ्ट में कर रहे काम
उज्जैन में शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के लिए मुस्लिम समाज के करीब 40 लोग दो शिफ्टों में काम कर रहे हैं। अभी तक करीब 50 प्रतिशत हिस्सा ही हटाया जा सका है। काम की गति को देखते हुए पूरा प्रभावित हिस्सा हटाने में कुछ दिन और लग सकते हैं।
इनका कहना है।हमारा दिल दुखी है। लोग मोहल्ले-मोहल्ले जाकर और ऑनलाइन चंदा ले रहे हैं, जबकि हमारी तरफ से ऐसा कोई मैसेज नहीं है। यदि आप मदद या चंदा देना चाहते हैं, तो सीधे शाही मस्जिद कमेटी या इमाम साहब से संपर्क करें।

Post Comment