शाहपुर गांव में 24 घंटे के भीतर बुखार से दो मौतें, गांव में पसरा मातम
शाहपुर गांव में 24 घंटे के भीतर बुखार से दो मौतें, गांव में पसरा मातम
सहारा सन्देश टाइम्स
बदायूं। उसहैत क्षेत्र के शाहपुर गांव में बुखार से 24 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत से ग्रामीणों में दहशत और शोक का माहौल है। गांव में लगातार हो रही मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार शाहपुर गांव निवासी सतेंद्र के पुत्र योजेश की 3 अक्टूबर को बुखार के चलते मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक योजेश को कई दिनों से बुखार आ रहा था और उसका उपचार उसहैत के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। डॉक्टरों ने उसे मलेरिया और टाइफाइड बताया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे डॉक्टर के पास ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया गया कि योजेश अपने माता-पिता की दो संतानों में से एक था।
वहीं इससे एक दिन पहले 2 अक्टूबर को इसी मोहल्ले की करिश्मा पत्नी जितेंद्र की भी उसहैत स्थित एक निजी क्लीनिक में बुखार के इलाज के दौरान मौत हो गई थी। करिश्मा के परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस द्वारा करिश्मा की मौत के मामले की जांच की जा रही है।
24 घंटे के भीतर बुखार से दो मौतों के बाद शाहपुर गांव में चिंता का माहौल है। परिजनों ने दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया है। लगातार हुई दो मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर लोगों की जांच और बुखार की स्थिति की निगरानी कराने की मांग की है।



Post Comment