Loading Now

बिजली कटौती पर भड़के किसान, गुलदार और गन्ना भुगतान को लेकर सौंपा ज्ञापन

बिजली कटौती पर भड़के किसान, गुलदार और गन्ना भुगतान को लेकर सौंपा ज्ञापन

सहारा सन्देश टाइम्स

बिजनौर।नजीबाबाद तहसील परिसर में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन चढूनी की मासिक बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर जमकर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रमोद कुमार ने की, जबकि संचालन व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रामोद कुमार ने किया। बैठक में क्षेत्रभर से पहुंचे किसानों ने बिजली कटौती, आवारा पशुओं, गन्ना भुगतान में देरी और गुलदारों के बढ़ते आतंक को लेकर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से तत्काल समाधान की मांग की।
बैठक में किसानों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अघोषित कटौती से खेती-किसानी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों को सिंचाई में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं खेतों में घूम रहे आवारा पशु फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। किसानों ने गन्ने का भुगतान समय से नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
इसके अलावा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गुलदारों की गतिविधियों को लेकर भी किसानों में चिंता दिखाई दी। किसानों ने वन विभाग से प्रभावी कदम उठाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक के बाद किसानों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया। भाकियू चढूनी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन को मजबूर होगा।
इस दौरान जिला अध्यक्ष भूदेव चौधरी, महबूब कासिम, नरपाल सिंह,राजेंद्र सिंह, अल्ताफ अहमद, नसीम अहमद, रफीक अहमद, अरविंद सलवान, दीपक कुमार, नासिर कुरैशी, समेत बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में किसानों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।

Post Comment

मनोरंजन