मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बस में आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बस में आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
उज्जैन से इंदौर जा रही थी,
RTO बोले-सूत्र सेवा की थी
सहारा सन्देश टाइम्स
उज्जैन। उज्जैन से करीब 15 किमी दूर रामवास क्षेत्र में मंगलवार दोपहर 12:15 बजे उज्जैन से इंदौर जा रही बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 12 यात्री सवार थे।
आग लगते ही धुआं उठने लगा, जिससे यात्री घबरा गए और बस से कटकर बाहर आ गए। इसके कछ ही मिनटबाद पूरी बस आग की चपेट में आ गई। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामवास क्षेत्र में बस का टायर फट गया था। इससे बस अनबैलेंस हुई और इसी दौरान उसमें आग लग गई। घटना की सूचना मिलने के करीब पौन घंटे बाद चार फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और सिर्फ चेचिस बची। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
बस सीएम सेवा की थी या सूत्र सेवा की?
जलने वाली बस की पहचान को लेकर कलेक्टर और RTO के बयान अलग हैं। बस पुरानी डीजल इंजन वाली है। उस पर भगवा रंग का रेडियम चढ़ा था और कांच पर ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ लिखा हुआ था।
सामने आए वीडियो में भी बस के आगे ‘मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा परिवहन’ लिखा दिखाई दे रहा है। हालांकि उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि यह किसी प्राइवेट ऑपरेटर की बस थी।
RTO बोले- गड़करी के कार्यक्रम में भी गई थी ये बस
वहीं उज्जैन RTO संतोष मालवीय ने बताया कि जलने वाली बस सूत्र सेवा की गाड़ी थी। RTO के मुताबिक, इस बस को हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम के लिए भोपाल ले जाया गया था। बस की पहचान को लेकर संबंधित विभाग से जानकारी ली जा रही है।
गडकरी ने 25 सितंबर को किया था सेवा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इस दौरान 7 प्रमुख शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाई गई थी।
उज्जैन को मिली हैं 10 बसें
उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के लिए 10 बसें मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 सितंबर को महाकाल लोक से पीएम ई-बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ कर इन बसों को रवाना किया था।
शुभारंभ के दो दिन बाद ई-बस ने तीन लोगों को कुचला था
सेवा के शुभारंभ के दो दिन बाद 27 सितंबर को इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में इससे जुड़ी ई-बस अनियंत्रित होकर तीन लोगों पर चढ़ गई थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हुए थे।



Post Comment