मांझी बोले-मंदिर के विकास से बढ़ीं आर्थिक गतिविधियां और रोजगार
मांझी बोले-मंदिर के विकास से बढ़ीं आर्थिक गतिविधियां और रोजगार
महाकाल के दरबार में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष तोमर, डिप्टी CM शुक्ल और केंद्रीय मंत्री मांझी
सहारा सन्देश टाइम्स
उज्जैन। उज्जैन में शुक्रवार को मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए।
तीनों नेताओं ने भगवान महाकाल का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया और विश्व शांति, देश की सुरक्षा तथा समाज में भाईचारा बनाए रखने की प्रार्थना की।
दर्शन के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उन्हें भगवान महाकाल के दर्शन करने का अवसर मिला। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान सभी को शक्ति, सामर्थ्य और सद्बुद्धि प्रदान करें, ताकि वे सन्मार्ग पर चलते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
वहीं, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने महाकाल मंदिर में हुए बदलावों की तारीफ की। उन्होंने बताया कि वे करीब 20 साल पहले भी मंदिर आए थे, लेकिन उस समय दर्शन व्यवस्था आज जैसी नहीं थी। मंदिर का विकसित स्वरूप देखकर उन्हें अच्छा लगा।
मांझी ने कहा कि महाकाल क्षेत्र केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र भी है।
यहां लाखों श्रद्धालु आते हैं, जिससे छोटे-बड़े व्यापारियों, छायाकारों और पत्रकारों सहित कई लोगों को रोजगार मिलता है। उन्होंने भगवान महाकाल से सभी की उन्नति, विश्व शांति, भारत की सुरक्षा और बिहार व गया में भाईचारा बनाए रखने की प्रार्थना की।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का स्वागत-सत्कार किया। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का स्वागत सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल और मुकेश सोनी ने किया। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का भी मंदिर प्रबंध समिति की ओर से स्वागत किया गया।



Post Comment