एशियाई मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में नगरनिगम कर्मचारी अर्जुन सोलंकी ने जीता कांस्य
एशियाई मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में नगरनिगम कर्मचारी अर्जुन सोलंकी ने जीता कांस्य
200 मीटर बैक स्ट्रोक में हासिल किया तीसरा स्थान, मां से मिली तैराकी की प्रेरणा
सहारा सन्देश टाइम्स
उज्जैन। बेंगलुरु में आयोजित एशियाई मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में उज्जैन नगर निगम के कर्मचारी और तैराकी कोच अर्जुन सिंह सोलंकी ने कांस्य पदक जीतकर शहर और मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अर्जुन ने 25 से 29 वर्ष आयु वर्ग की 200 मीटर बैक स्ट्रोक (पीठ के बल तैराकी) स्पर्धा में 16 प्रतिभागियों के बीच तीसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर महापौर मुकेश टटवाल ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अर्जुन सिंह सोलंकी नगर निगम के तरणताल में तैराकी कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही वे अटल पार्क में रसीद काटने का कार्य भी करते हैं। इससे पहले वे नगर निगम के जनसंपर्क विभाग में भी कार्यरत रहे हैं। शासकीय दायित्वों के साथ तैराकी के प्रति अपनी लगन बनाए रखते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक हासिल किया। उनकी सफलता पर नगर निगम के जनसंपर्क विभाग के अधिकारी पवन कुमार सहित कर्मचारियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया।
मां ने क्षिप्रा नदी में सिखाए तैराकी के गुर
अर्जुन की इस उपलब्धि के पीछे उनकी मां ममता सोलंकी की अहम भूमिका रही है। उनकी मां स्वयं राज्य स्तरीय तैराकी खिलाड़ी रह चुकी हैं। उन्होंने ही अर्जुन को क्षिप्रा नदी में तैराकी का शुरुआती प्रशिक्षण दिया और इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अर्जुन ने वर्ष 2010 से नियमित रूप से तैराकी का अभ्यास शुरू किया। लगातार मेहनत, अनुशासन और अभ्यास के दम पर उन्होंने अपनी प्रतिभा को निखारा और अब एशियाई मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और मुकाम जोड़ लिया।
अर्जुन की सफलता से नगर निगम परिवार और शहर के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि उन खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो सीमित संसाधनों और जिम्मेदारियों के बीच अपने खेल को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।



Post Comment