पैसे नहीं देने पर कैफे में आग लगाई, सीसीटीवी भी तोड़ा
पैसे नहीं देने पर कैफे में आग लगाई, सीसीटीवी भी तोड़ा
उज्जैन में दो दिन पहले हुआ था विवाद, मिली थी धमकी, संचालक ने कहा-उसी ने किया
सहारा सन्देश टाइम्स
उज्जैन। उज्जैन के क्षीरसागर स्थित सेठ जी कैफे में आग लगाने का मामला सामने आया है। कैफे संचालक प्रमोद ने अनिल मालवीय पर आगजनी का संदेह जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। आरोप है कि दो दिन पहले पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था।
पैसे नहीं देने पर मारपीट और कैफे जलाने की धमकी दी गई थी। घटना में कैफे का काउंटर, सिगरेट के करीब 100 पैकेट, कुर्सी, डीप फ्रीजर का निचला हिस्सा और वायरिंग जल गई। कैफे संचालक के मुताबिक करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है। मामले में कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह कैफे पहुंचा तो जला मिला सामान
कैफे संचालक प्रमोद ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 11 बजे कैफे बंद कर शटर पर ताला लगाकर घर चला गया था। सुबह करीब 8 बजे घूमने निकला तो कैफे के शटर का निचला हिस्सा उठा हुआ दिखाई दिया। अंदर जाकर देखा तो आग लगने से सामान जल चुका था। कैफे के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा भी टूटा मिला।
पैसे नहीं देने पर आग लगाने की धमकी का आरोप
शिकायत के अनुसार 10 अक्टूबर को अनिल मालवीय कथित तौर पर नशे की हालत में कैफे पर आया था।
कैफे से जुड़े धीरज सूर्यवंशी ने आरोप लगाया कि अनिल ने पैसे मांगते हुए उसके पिता से विवाद और मारपीट की थी। पैसे नहीं देने पर कैफे जलाने की धमकी भी दी गई थी।
हाथ में पेट्रोल की बोतल और रॉड होने की बात
प्रमोद के मुताबिक क्षीरसागर निवासी देव आठिया ने उन्हें बताया कि घटना वाली रात करीब ढाई बजे अनिल मालवीय को कैफे के सामने हाथ में पुराने कपड़े, पेट्रोल की छोटी बोतल और लोहे की रॉड के साथ देखा था।
इसी आधार पर प्रमोद ने अनिल पर आग लगाने का संदेह जताया है। धीरज ने भी आरोप लगाया कि कुछ अन्य युवक अनिल के साथ आए थे और पहले सीसीटीवी कैमरा तोड़ने के बाद पेट्रोल से आग लगाई गई।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
घटना का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आया। इसमें कुछ लोग कैफे की ओर आते और आगजनी के बाद मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं।
कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान की जानकारी जुटाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आगजनी में किसकी भूमिका थी, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।



Post Comment