Loading Now

देवास गेट बस स्टैंड बंद, नानाखेड़ा से चलेंगी बसें

देवास गेट बस स्टैंड बंद, नानाखेड़ा से चलेंगी बसें

यात्रियों को 30 से 40 मिनट अतिरिक्त लगेगा समय; जानकारी न होने से परेशान हुए लोग

सहारा सन्देश टाइम्स

उज्जैन। उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए देवास गेट बस स्टैंड को सोमवार से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अब यहां से किसी भी रूट की बस नहीं चलेगी। सभी बसों का संचालन नानाखेड़ा बस स्टैंड से किया जा रहा है।
सोमवार को देवास गेट बस स्टैंड परिसर में सन्नाटा रहा। वहीं, शिफ्टिंग की जानकारी नहीं होने के कारण कुछ यात्री यहां पहुंचकर परेशान होते दिखाई दिए।

आगर-मक्सी की बसें इस रास्ते से जाएंगी

प्रारंभिक रूट प्लान के अनुसार, आगर और मक्सी रूट की बसें मंडी-पांड्याखेड़ी होते हुए कोठी के पीछे से पाइप फैक्ट्री और भरतपुरी होकर नानाखेड़ा पहुंचेंगी। देवास रूट की बसें सेठी पेट्रोल पंप से भरतपुरी होते हुए नानाखेड़ा जाएंगी।
इंदौर रूट की बसें इंजीनियरिंग कॉलेज और आस्था गार्डन होते हुए नानाखेड़ा पहुंचेंगी। वहीं, बड़नगर और बायपास रूट की बसें बायपास रिंग रोड से आस्था गार्डन होते हुए नानाखेड़ा जाएंगी।
यात्रियों को 30-40 मिनट अतिरिक्त लग रहे

देवास गेट पहुंचे यात्री हितेश पोरवाल ने बताया कि वे रोज आगर जाते हैं। पहले शहर के बीच में बस स्टैंड होने से आने-जाने में आसानी होती थी, लेकिन अब नानाखेड़ा दूर होने के कारण परेशानी बढ़ गई है।
हितेश के अनुसार, बाइक से भी नानाखेड़ा पहुंचने में ट्रैफिक के कारण करीब 30 से 40 मिनट लग रहे हैं। यात्रियों को बस स्टैंड शिफ्ट होने की जानकारी नहीं होने से भी दिक्कत हो रही है।
सिंहस्थ के कामों के लिए बंद किया, आगे का निर्माण तय नहीं

प्रशासन के अनुसार, सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर शहर में सड़क चौड़ीकरण, एलिवेटेड ब्रिज समेत अन्य विकास कार्य चल रहे हैं। देवास गेट क्षेत्र में भी सड़क और बस स्टैंड से जुड़े काम प्रस्तावित हैं। इसी वजह से बसों का संचालन नानाखेड़ा शिफ्ट किया गया है।
हालांकि, देवास गेट बस स्टैंड की जगह पर आगे क्या निर्माण होगा, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। अभी देवास गेट बस स्टैंड पूरी तरह बंद है और परिसर से बसों का संचालन नहीं हो रहा है। यात्रियों को अपने रूट की बस पकड़ने के लिए सीधे नानाखेड़ा बस स्टैंड पहुंचना होगा।

Post Comment

मनोरंजन