Loading Now

चिंतामन गणेश मंदिर का मुख्य गेट बंद, भड़के व्यापारी

चिंतामन गणेश मंदिर का मुख्य गेट बंद, भड़के व्यापारी

उज्जैन में सड़क पर लगाया जाम, हंगामे के एक घंटे बाद खोला गया दरवाजा

सहारा सन्देश टाइम्स

उज्जैन। उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर का मुख्य गेट बुधवार सुबह बंद किए जाने पर फूल-प्रसादी के व्यापारियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। व्यापारियों को आशंका थी कि गेट स्थायी रूप से बंद किया जा रहा है, जबकि मंदिर के सामने खुदाई और बड़ा गड्डा होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से इसे अस्थायी रूप से बंद किया गया था। करीब एक घंटे तक चले विरोध के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गेट खोल दिया गया।

खुदाई के कारण बंद किया था गेट

दरअसल, मंदिर के सामने सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान खुदाई और बड़ा गड्डा होने के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से मुख्य गेट कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। श्रद्धालुओं को पीछे के गेट से प्रवेश दिया जा रहा था। व्यापारियों को लगा कि मुख्य गेट स्थायी रूप से बंद किया जा रहा है। इसके बाद फूल-प्रसादी की दुकान लगाने वाले व्यापारी एकत्र हुए और विरोध शुरू कर दिया।
अधिकारियों के पहुंचने पर खुला गेट
मंदिर के प्रशासनिक अधिकारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि गेट बंद करने का निर्णय केवल आधे से एक घंटे के लिए लिया गया था। सामने खुदाई का काम चलने के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई थी। व्यापारियों ने इसे गेट स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय समझ लिया, जिससे वे एकत्र हो गए।

सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने निर्माण कार्य के दौरान सहयोग करने और वाहनों की व्यवस्था संभालने की बात कही। इसके बाद मुख्य गेट खोल दिया गया और व्यवस्था सामान्य हो गई।

Post Comment

मनोरंजन