संविधान दिवस पर भाजपा कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम, बाबा साहेब को किया गया नमन
संविधान दिवस पर भाजपा कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम, बाबा साहेब को किया गया नमन
सहारा सन्देश टाइम्स
खैरागढ़ । संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में गरिमामय माहौल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल हुए। आयोजन की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने की, जबकि जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान के शिल्पी भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब अमर रहें के जयकारे लगाए और उनके योगदान को याद किया।
मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय और स्वतंत्रता प्रदान करने वाला सशक्त मार्गदर्शक ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि और संघर्षों के कारण ही आज लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं। हमें संविधान में निहित कर्तव्यों और मूल्यों का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने संविधान की प्रस्तावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान दिवस हमें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान और समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा, शशांक ताम्रकार, गिरजा चन्द्राकर, विकेश गुप्ता, आयश सिंह, जीवन देवांगन, विनय देवांगन, अजय जैन, नीलिमा गोस्वामी, कमलेश कोठले, गोरेलाल वर्मा, आलोक श्रीवास, पंकज सिंह, रामाधार रजक, डॉ पीताम्बर वर्मा, नोमेश वर्मा और देविन बाई कोठले, ऋषि सिंह, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ हुआ।



Post Comment