Loading Now

राजस्व मामले में सुनवाई न होने से नाराज व्यक्ति नीम के पेड़ पर चढ़ा, आत्महत्या की दी धमकी

राजस्व मामले में सुनवाई न होने से नाराज व्यक्ति नीम के पेड़ पर चढ़ा, आत्महत्या की दी धमकी

सहारा सन्देश टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के जवनियां बाजार में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति नीम के पेड़ पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि विजय लाल तिवारी राजस्व विभाग से जुड़े एक मामले को लेकर काफी समय से परेशान थे। आरोप है कि मामले में सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर वह गुरुवार सुबह जवनियां बाजार स्थित नीम के पेड़ पर चढ़ गए और आत्महत्या करने की धमकी देने लगे।
व्यक्ति के पेड़ पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए और उन्हें समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को भी दी।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने विजय लाल तिवारी से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया गया। घटना के चलते काफी देर तक जवनियां बाजार में लोगों की भीड़ लगी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व संबंधी मामलों में समय पर सुनवाई और समाधान नहीं होने से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने के साथ व्यक्ति को समझाने और मामले का समाधान कराने की दिशा में प्रयास कर रही है।

Post Comment

मनोरंजन