सैफई में फिटनेस का संदेश लेकर निकली साइकिल रैली, पत्रकारों ने लिया हिस्सा
सैफई में फिटनेस का संदेश लेकर निकली साइकिल रैली, पत्रकारों ने लिया हिस्सा
‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ के नारे के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया जागरूक
सहारा सन्देश टाइम्स
सैफई, इटावा। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) प्रशिक्षण केंद्र सैफई की ओर से रविवार 20 सितंबर 2026 को पत्रकारों के साथ साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। रैली की शुरुआत ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ के संदेश के साथ हुई।
रैली के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र सैफई के केंद्र प्रभारी पवन कुमार शेलके ने कहा कि स्वस्थ और फिट रहने के लिए साइकिल चलाना व्यायाम का एक सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शरीर में रक्त संचार बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है और व्यक्ति सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ता है। उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में कुछ समय फिटनेस के लिए निकालने का आह्वान किया।
साइकिल रैली मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू हुई। रैली तहसील क्षेत्र से होते हुए किसान बाजार, मेडिकल चौराहा सहित विभिन्न मार्गों से गुजरी और वापस स्टेडियम पहुंचकर इसका समापन हुआ। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाते हुए लोगों को नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस दौरान रैली के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि स्वस्थ रहने के लिए महंगे संसाधनों की आवश्यकता नहीं है। नियमित रूप से साइकिल चलाना, पैदल चलना अथवा अन्य शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करके व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकता है।
भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र सैफई की ओर से बताया गया कि प्रत्येक रविवार को साइकिल रैली का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को फिटनेस के प्रति प्रेरित करना तथा समाज में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना है। आयोजन के माध्यम से युवाओं के साथ-साथ आमजन को भी शारीरिक सक्रियता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस मौके पर डीईओ अमित झा, हेंडवाल कोच सुगंथन आर, एथलेटिक्स कोच अमित कुमार मौजूद रहे।
कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुघर सिंह पत्रकार, प्रेस क्लब अध्यक्ष वीपी सिंह यादव, विवेक यादव, अवनीश यादव, दिलफूल दिवाकर, ब्रजकिशोर मिश्रा, समेत 50 लोगों ने प्रतिभाग किया।



Post Comment