Loading Now
×

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी ने की शिष्टाचार भेंट, जाटव समाज की पांच सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी ने की शिष्टाचार भेंट, जाटव समाज की पांच सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

सहारा सन्देश टाइम्स

लखनऊ। मुख्यमंत्री कार्यालय लोक भवन, लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री श्रीमती दीपमाला संतोषी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर अनुसूचित जाति, विशेष रूप से जाटव समाज के सम्मान, प्रतिनिधित्व एवं जनहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर पांच सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा।
भेंट के दौरान श्रीमती दीपमाला संतोषी ने समाज की प्रमुख अपेक्षाओं और क्षेत्रीय समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया। मांग-पत्र में मुख्य रूप से उनके गृह जनपद बिजनौर की नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र में मालन नदी पर पुल निर्माण, जंगली जानवर विशेषकर तेंदुए के हमलों से किसानों एवं ग्रामीणों को होने वाले जान-माल के नुकसान के लिए मुआवजा, तथा कार्बेट टाइगर रिजर्व से सटे भिक्कावाला गांव, तहसील अफजलगढ़, जनपद बिजनौर में सोलर फेंसिंग कराए जाने की मांग शामिल रही।
इसके अलावा विकासखंड जलीलपुर की ग्राम पंचायत सुंदरा में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने तथा सरकार, संगठन एवं अनुसूचित जाति आयोग में वर्तमान में रिक्त पदों पर जाटव समाज के प्रतिनिधित्व को बढ़ाए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
श्रीमती दीपमाला संतोषी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मांग-पत्र में शामिल सभी बिंदुओं पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र और समाज से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी।
इस अवसर पर उनके पति देवेंद्र संतोषी, सौरव तोमर, सविकांत, दिग्विजय सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। श्रीमती दीपमाला संतोषी ने मुख्यमंत्री द्वारा समय प्रदान करने तथा स्नेह एवं आशीर्वाद देने के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रस्तुत मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक पहल होगी और क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

Post Comment

मनोरंजन