Loading Now

सड़क हादसे में इटावा के डीएफओ व चालक की मौत

सड़क हादसे में इटावा के डीएफओ व चालक की मौत

सहारा सन्देश टाइम्स

सैफई । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह अनियंत्रित स्कार्पियो डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही एक्सयूवी-700 से टकरा गई। हादसे में इटावा के जिला वन अधिकारी (डीएफओ) और उनके चालक की मौत हो गई। एक्सयूवी में सवार महिला समेत स्कार्पियो में बैठे दंपती घायल हो गए। सभी घायलों को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में भर्ती कराया गया है। घटना फिरोजाबाद के नगला खंगर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 69 पर हुई।
हादसे में राजस्थान के नागौर जिले के मूल निवासी 36 वर्षीय डीएफओ विकास नायक और 25 वर्षीय चालक देवांश की मौत हो गई। एक्सयूवी में उनके साथ कानपुर नगर में वन रेंजर के पद पर तैनात उपासना सिंह की 65 वर्षीय मां केशवती पत्नी जगदीश सिंह भी सवार थीं। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद यूपीडा की टीम की मदद से तीनों को सैफई लाया गया, जहां चिकित्सकों ने डीएफओ और चालक को मृत घोषित कर दिया। केशवती का उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, विकास नायक वर्ष 2019 बैच के भारतीय वन सेवा के अधिकारी थे। वह जून 2025 में फिरोजाबाद से स्थानांतरित होकर इटावा के डीएफओ बने थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह इटावा स्थित आवास से नोएडा जाने के लिए निकले थे। घर पर खाना बनाने वाले बृजेश कुमार ने बताया कि साहब ने उन्हें यह नहीं बताया था कि कहां जा रहे हैं। वह बाहर जाने के लिए अक्सर निजी वाहन ही बुलाते थे। मंगलवार को भी निजी एक्सयूवी-700 से निकले थे।
करीब 10:30 बजे एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने डीएफओ को पहचान लिया और इसकी सूचना इटावा वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद घायलों को सैफई लाया गया। डीएफओ और चालक के शवों को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के शवगृह में रखवा दिया गया है। स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे में दूसरी गाड़ी स्कार्पियो में राजारहाट, उत्तर कोलकाता, पश्चिम बंगाल निवासी 61 वर्षीय डेविड ब्रेन डिसूजा और उनकी 59 वर्षीय पत्नी ममता डिसूजा सवार थे। दोनों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख घूमने के बाद लखनऊ के रास्ते कोलकाता लौट रहे थे। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं। उनका भी सैफई में उपचार चल रहा है। उपलब्ध पुलिस जानकारी के अनुसार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंची थी। झपकी लगने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विजेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी, सीओ सैफई केपी सिंह, प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी विश्वविद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की जानकारी ली और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। विकास नायक की करीब चार वर्ष पहले शादी हुई थी। उनकी डेढ़ वर्ष की बेटी है। पत्नी जयपुर में रहती हैं। डीएफओ की मौत की सूचना के बाद राजस्थान के नागौर जिले से स्वजन सैफई के लिए रवाना हो गए हैं। खबर लिखे जाने तक स्वजन के रात करीब एक बजे तक सैफई पहुंचने की जानकारी मिली थी। विकास नायक के निधन से वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों में शोक है।

Post Comment

मनोरंजन