Loading Now

बेसहारा महिला ने मकान बचाने के लिए लगाई न्याय की गुहार

बेसहारा महिला ने मकान बचाने के लिए लगाई न्याय की गुहार

सहारा सन्देश टाइम्स

नैनी, प्रयागराज। थाना नैनी क्षेत्र के चाका ब्लॉक अंतर्गत डभाव, परगना-अरेल निवासी फोटो देवी अपने चार बच्चों के साथ जीवन-यापन कर रही हैं। पति के स्वर्गवास के बाद कोई सहारा न होने के कारण वह मेहनत-मजदूरी कर अपनी तीन बेटियों और एक बेटे का पालन-पोषण करती हैं।

फोटो देवी के अनुसार, वर्ष 2022 में उन्होंने जमीन खरीदकर उस पर अपना मकान बनाया था और तभी से वह अपने बच्चों के साथ उसी मकान में रह रही हैं। पीड़िता का कहना है कि जमीन उनके नाम दर्ज है और मकान का दाखिल-खारिज भी उनके नाम है।

फोटो देवी का आरोप है कि कल्याणी देवी मालवीय नगर निवासी रवि मालवीय द्वारा उन्हें मकान खाली करने के लिए कथित तौर पर डराया-धमकाया जा रहा है। पीड़िता के मुताबिक उनसे कहा जा रहा है कि मकान पर लोन है और उन्हें घर खाली करना होगा।

चार बच्चों के साथ रहने वाली फोटो देवी का कहना है कि उनके पास इस मकान के अलावा कोई सहारा नहीं है। कथित दबाव और धमकी से महिला बेहद परेशान हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपने दस्तावेजों की जांच कराकर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने तथा अपने और बच्चों के रहने की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है।

पीड़िता ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए, ताकि उसके और उसके बच्चों के सिर से रहने की छत न छिने।

Post Comment

मनोरंजन