Loading Now

सैन्य सम्मान के साथ शहीद नायक अंकुश कुमार पटेल को दी गई अंतिम विदाई डीएम, एसएसपी ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

सैन्य सम्मान के साथ शहीद नायक अंकुश कुमार पटेल को दी गई अंतिम विदाई
डीएम, एसएसपी ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

सहारा सन्देश टाइम्स

बदायूँ । हरियाणा के हिसार में सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान हुए टैंक हादसे में वीरगति को प्राप्त हुए जनपद बदायूँ के ग्राम आमगांव, थाना सिविल लाइन निवासी भारतीय सेना के नायक अंकुश कुमार पटेल पुत्र आदेश पटेल का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। गांव में शहीद जवान को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित हुए। इस दौरान गांव का माहौल गमगीन रहा और लोगों ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शहीद नायक अंकुश कुमार पटेल के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। दोनों अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की।
अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, सैन्य जवानों तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने भी शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। सभी ने देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवान के बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।
नायक अंकुश कुमार पटेल के बलिदान से जनपद में शोक की लहर है। उनका देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर सांई आश्रित शाखमुरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Previous post

यशवंत कुमार बने खंड शिक्षा अधिकारी मेजा, पदभार ग्रहण कर संभाली शिक्षा व्यवस्था की कमान

Next post

माघ मेले की तैयारियों का जायजा लेने घाटों पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, एंटी ड्रोन सिस्टम का होगा ट्रायल

Post Comment

मनोरंजन