नजीबाबाद की रातें बनीं खौफनाक! सन्नाटे में संदिग्ध हलचल से गांव में मचा हड़कंप
नजीबाबाद की रातें बनीं खौफनाक! सन्नाटे में संदिग्ध हलचल से गांव में मचा हड़कंप
सहारा सन्देश टाइम्स
बिजनौर। नजीबाबाद थाना क्षेत्र के गांव घीसटपुरी में इन दिनों रात का सन्नाटा डर में बदल चुका है। जैसे ही अंधेरा घिरता है, गांव के आसपास संदिग्ध लोगों की हलचल तेज हो जाती है, जिससे ग्रामीणों की नींद उड़ गई है। गांव वालों का आरोप है कि झुग्गी-झोपड़ी में रह रहे खानाबदोश लोगों का एक बड़ा समूह यहां डेरा डाले हुए है, जिनकी गतिविधियां लगातार शक के घेरे में हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ये लोग देर रात तक शराब और नशे में धुत होकर उत्पात मचाते हैं, आए दिन झगड़ा करते हैं और कई बार स्थानीय लोगों के साथ मारपीट तक कर चुके हैं। हालात ये हैं कि महिलाएं और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। गांव में सैकड़ों की संख्या में रह रहे इन लोगों पर आरोप है कि इनके पास न तो कोई पहचान पत्र है और न ही रहने के लिए वैध जमीन, फिर भी ये जबरन कब्जा कर या किराए पर रहकर डेरा जमाए हुए हैं।
मामला तब गरमा गया जब पत्रकारों और भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश ने सीओ आकांक्षा गौतम को शिकायती पत्र सौंपकर तुरंत कार्रवाई की मांग की। शिकायत में कहा गया है कि रात के समय ये संदिग्ध लोग घरों के आसपास घूमते और रेकी करते नजर आते हैं, जिससे चोरी या किसी बड़ी वारदात की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने कुछ लोगों की पहचान भी बताई है और पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने व सख्त जांच की मांग की है। अब सबकी नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है—क्या इन ‘रात के साये’ पर लगेगा लगाम या यूं ही दहशत में कटती रहेंगी गांव वालों की रातें?



Post Comment