भाजपा पार्षद ने सीवरेज के पानी में उतरकर प्रदर्शन किया
भाजपा पार्षद ने सीवरेज के पानी में उतरकर प्रदर्शन किया
सड़क पर चक्काजाम कर रहवासी भी जमा पानी में बैठे
सहारा सन्देश टाइम्स
उज्जैन। उज्जैन में अधिकारियों की अनदेखी और सीवरेज के गंदे पानी की समस्या से परेशान भाजपा पार्षद अपनी ही सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आए। वार्ड-2 के पार्षद हेमंत गहलोत बुधवार को पिपलीनाका-भैरवगढ़ रोड पर जमा सीवरेज के पानी में बैठकर धरने पर बैठ गए। उनके साथ महिला, पुरुषऔर बच्चे भी सड़क पर जमा गंदे पानी में बैठकर प्रदर्शन करने लगे। रहवासियों ने चक्काजाम कर दिया।
इससे स्कूली बच्चों के साथ ही काल भैरव मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हुई।
करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन के बाद नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्षद से चर्चा कर तत्काल सीवरेज की सफाई शुरू कराई और जल्द ही क्षेत्र में बड़ी पाइपलाइन डालने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
छह-सात महीने से सड़क पर बह रहा सीवरेज का पानी
पार्षद और रहवासियों का कहना है कि पिपलीनाका से भैरवगढ़ जाने वाला यह प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से काल भैरव मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों के लिए श्रद्धालु आते-जाते हैं।
पिछले छह-सात महीने से सीवरेज का पानी लगातार पाइप से निकलकर सड़क पर जमा हो रहा है। उनका आरोप है कि सीवरेज की समस्या के साथ घरों में पहुंचने वाले पेयजल में भी गंदा पानी मिल रहा है।
रहवासियों के अनुसार इस समस्या की कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। क्षेत्र में दो स्कूल भी हैं, जहां पहली से 12वीं तक के बच्चे पढ़ते हैं। उन्हें भी इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है।
दो दिन पहले गंदे पानी में गिरने से व्यक्ति का हाथ टूटा
रहवासी धर्मेंद्र भाटी ने बताया कि यह पिपलीनाका से भैरवगढ़ जाने वाला मुख्य मार्ग है। सीवरेज का पानी लगातार सड़क पर आने से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले इसी जगह दुर्घटना भी हुई, जिसमें एक व्यक्ति का हाथ टूट गया। उनका कहना है कि सड़क पर सीवरेज का पानी जमा होने के साथ नीचे से गुजर रही पाइपलाइन के जरिए यह पानी लोगों के घरों तक भी पहुंच रहा है।
‘दूसरा भागीरथपुरा नहीं बन जाए, इसलिए धरने पर बैठा’
पार्षद हेमंत गहलोत ने कहा कि वार्ड-2 में सीवरेज की समस्या को लेकर संभागायुक्त, कलेक्टर, निगम आयुक्त और अपर आयुक्त सहित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि टाटा कंपनी के काम
में गड़बड़ी के कारण वार्ड के लोगों को गंदा पानी मिलने की स्थिति बनी है।
गहलोत ने कहा, “समय रहते अधिकारियों तक जनता की आवाज पहुंच जाए और समस्या हल हो जाए, इसलिए आज विवश होकर धरने पर बैठना पड़ा। नहीं तो यह क्षेत्र भी दूसरा भागीरथपुरा बन जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका धरना सरकार या किसी संगठन के खिलाफ नहीं है, बल्कि आम जनता की समस्या को लेकर है।
जनता ने उन्हें नगर निगम में अपना प्रतिनिधि चुना है, ताकि क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े। इसलिए वे जनता की समस्या को लेकर धरने पर बैठे हैं।
निगम ने तत्काल सफाई और बड़ी पाइपलाइन का दिया आश्वासन
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पार्षद से चर्चा के बाद सीवरेज की तत्काल सफाई कराई गई। अधिकारियों ने जल्द ही क्षेत्र में बड़ी पाइपलाइन डालने की बात कही, जिसके बाद पार्षद और रहवासियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।



Post Comment